भारत की यात्रा पर आएंगे पास्कल लेमी
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के महानिदेशक पास्कल लेमी मंगलवार को भारत की यात्रा पर आएंगे।
इस यात्रा के दौरान वे व्यापार वार्ताओं को फिर से शुरू करने का प्रयास करेंगे। ये वार्ताएं पिछले महीने जेनेवा में स्थगित हो गईं थी।
उम्मीद जताई जा रही है कि लेमी इस यात्रा के दौरान औद्योगिक एवं कृषिगत सामग्री और सेवाओं का बाजार खोलने के लिए भारत को राजी करने का प्रयास करेंगे।
डब्ल्यूटीओ की वेबसाइट पर जारी तय कार्यक्रम के अनुसार लेमी मंगलवार और बुधवार को भारत में होंगे। दौरान वे वाणिज्य मंत्री कमलनाथ से भी मुलाकात कर सकते हैं।
सोमवार को 'फेडरेशन आफ इंडियन चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री' (फिक्की) ने अपने एक बयान में कहा कि लेमी 'विकास के लिए वैश्विक भागीदारी : हम कहां हैं और कहां पहुंचना है' विषय पर आयोजित एक सेमिनार में हिस्सा लेंगे। यह दो दिवसीय सेमिनार 'कंज्यूमर यूनिटी एंड ट्रस्ट सोसाइटी' (कट्स) और फिक्की ने संयुक्त रूप से आयोजित किया है।
भारत की यात्रा के बाद लेमी अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) की यात्रा पर रवाना होंगे। इन देशों से वे औद्योगिक एवं कृषिगत सामग्री और सेवाओं का बाजार खोलने से संबंधित समझौते को मुकाम तक पहुंचाने का आग्रह करेंगे।
गौरतलब है कि जेनेवा सम्मेलन के दौरान भारत और अमेरिका प्रस्तवित समझौते की विशेष निगरानी प्रणाली (एसएसएम) के कुछ प्रावधानों पर सहमत नहीं हो पाए थे। इसलिए यह सम्मेलन बेनतीजा समाप्त हो गया था।
उस वक्त कमलनाथ ने मीडिया को बताया था कि जेनेवा सम्मेलन में एसएसएम के मसले पर भारत के रुख का समर्थन 100 से ज्यादा विकासशील देशों ने किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications