कनाडाई नागरिक चीन से निष्कासित
टोरंटो, 11 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी अधिकारियों ने एक कनाडाई नागरिक को तिब्बत के समर्थन में प्रदर्शन करने के जुर्म में निष्कासित कर दिया। इस प्रदर्शनकारी ने ऐतिहासिक थियानानमेन चौक पर तिब्बत के समर्थन में नारे लगाए थे।
24 वर्षीय क्रिस स्कवाट्र्ज ने चार अन्य विदेशी नागरिक के साथ मिलकर तिब्बत के पक्ष में नारेबाजी की। वे लोग नाटकीय तरीके से ऐतिहासिक चौक पर जमा हुए और तिब्बत के समर्थन में नारे लगाए, हालांकि उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद स्कवाट्र्ज को बीजिंग हवाई अड्डे से कनाडा के लिए उड़ान भरने वाले एक विमान में बिठा दिया गया।
प्रदर्शनकारी तिब्बती ध्वज लिए हुए थे और कनाडाई ध्वज में तिब्बती ध्वज छिपा रखा था। इससे पहले पिछले मंगलवार को चीन की दीवार के पास प्रदर्शन करते हुए तीन कनाडाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें भी अगले ही दिन निष्कासित कर दिया गया था।
कनाडाई विदेश मंत्री डेविड इमर्सन ने ऐसी घटनाओं पर क्षोभ प्रकट करते हुए कहा कि उनका देश खेल का राजनीतिकरण किए जाने के खिलाफ है। चीनी सरकार ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कनाडाई नागरिकों पर निगरानी बढ़ा दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications