बीजिंग ओलंपिक : बिंद्रा की स्वर्णिम सफलता पर देशवासी गदगद
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक की निशानेबाजी स्पर्धा में अभिनव बिंद्रा के स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के कॉलेजों की कैंटीनों और तमाम दफ्तरों में जश्न का माहौल बन गया।
गुड़गांव की 'एमिगरेन्ट वेंचर्स' नाम की कंपनी में काम करने वाले अंजन कांत ने कहा है कि बिंद्रा की सफलता के साथ ही उनके दफ्तर में जश्न का माहौल बन गया। उनके सभी साथियों ने जोरदार आवाज के साथ बिंद्रा की इस कामयाबी को जश्न मनाया और एक दूसरे को बधाई दी।
बकौल अंजन, "यह हैरान करन देने वाली सफलता है। जब से बीजिंग ओलंपिक शुरू हुआ है, मैं लगातार खबरों पर नजर लगाए हुए था। व्यक्तिगत स्पर्धा में बिंद्रा की जीत के साथ सोमवार हमारे लिए शानदार खबर लेकर आया।"
अंजन के साथियों ने शाम को बिंद्रा की इस सफलता पर बकायदे जश्न मनाने का फैसला किया है।
एक स्वतंत्र लेखिका देवीयानी की खुशी का तो ठिकाना नहीं था। वे जोर से चिल्ला पड़ीं, "हमने स्वर्ण जीत लिया। हमारे लिए यह गर्व का क्षण है। हम भारतीय वर्षो से खुद को कमतर आंकते आ रहे थे। ओलंपिक से एक दिन पहले मैंने एक समाचार पत्र में प्रकाशित एक लेख पढ़ा था, जिसमें लिखा था कि भारत किस्मत से ही ओलंपिक में पदक जीत सकता है।"
प्रकाश शर्मा नाम के एक शिक्षक के लिए बिंद्रा की यह सफलता उस समय के रोमांच को याद करने के समान है, जब राज्यवर्धन सिंह राठौर ने एथेंस ओलंपिक में रजत पदक जीता था। उन्होंने कहा, "मेरे लिहाज से यह एक शुरुआत है। मैं राठौर से एक और स्वर्ण की आशा कर रहा हूं।"
दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा शगुफ्ता नसरीन ने कहा कि बिंद्रा की सफलता देश के हजारों युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी। उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। अभिनव की सफलता मेरे जैसे हजारों खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएगी। हम सुबह ही कॉलेज में बात कर रहे थे कि अगर हम ठान लें तो हमारे लिए कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications