बुधवार को पेश होगा ताजा आर्थिक परिदृश्य
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी) बुधवार को 'आर्थिक परिदृश्य 2008-09' पेश करेगी। इसमें तेज मुद्रास्फीति के बावजूद अर्थव्यवस्था की बेहतर तस्वीर पेश किए जाने की उम्मीद है।
सी. रंगराजन ने हालांकि ईएसी के अध्यक्ष पद से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया है, लेकिन इस बहुप्रतीक्षित रिपोर्ट पेश किए जाने के वक्त वे अपने उत्तराधिकारी सुरेश तेंदुलकर और अन्य सदस्यों के साथ होंगे।
यह रिपोर्ट अर्थव्यवस्था के अलग-अलग क्षेत्रों के अनुमानित प्रदर्शन पर आधारित होती है। इस रिपोर्ट में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले क्षेत्रों और अपेक्षाकृत गिरावट वाले क्षेत्रों का अनुमानित आंकलन पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि ईएसी ने वित्त वर्ष 2007-08 के दौरान अर्थव्यवस्था के नौ प्रतिशत विकास दर का अनुमान लगाया था, जो बिलकुल ठीक साबित हुआ था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रंगराजन ने चालू वित्त वर्ष के लिए 7.5-8 प्रतिशत विकास दर का अनुमान लगाया है।
तेंदुलकर ने आईएएनएस से कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास के प्रति वे काफी उत्साहित हैं। संभवत: बुधवार को ही वे ईएसी के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे।
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि भारतीय अर्थव्यवस्था तेज गति से विकास करती रहेगी। मैं काफी उत्साहित हूं। 7-8 प्रतिशत की विकास दर की न केवल उम्मीद की जा सकती है, बल्कि यह अपरिहार्य है।"
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अपनी रिपोर्ट में ईएसी सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के अनुमानित विकास दर को संशोधित कर इसे 7.5-8 प्रतिशत के स्तर पर ला सकती है। पहले इसके 8.5 प्रतिशत विकास का अनुमान लगाया था।
रिपोर्ट में वर्ष 2008-09 के दौरान मुद्रास्फीति की दर घटकर 8-9 प्रतिशत के स्तर पर आने की उम्मीद जताई जा सकती है। इसी महीने की चार तारीख को रंगराजन ने कहा था कि अगले वर्ष मार्च तक मुद्रास्फीति की दर 8-9 प्रतिशत के स्तर पर आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications