बीजिंग ओलंपिक : बैडमिंटन में सायना जीतीं, लेकिन श्रीधर हारे (राउंडअप)
बीजिंग, 11 अगस्त (आईएएनएस)। ओलंपिक के तीसरे दिन जहां भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल अपनी दूसरी जीत के साथ अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रहीं, वहीं पुरुष वर्ग में अनूप श्रीधर को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा।
18 वर्ष की सायना ने शानदार खेल दिखाते हुए दुनिया की छठी वरीयता प्राप्त हांगकांग की खिलाड़ी वांग चेन को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। दुनिया की 15वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सायना ने वांग को 21-19, 11-21, 21-11 से पराजित किया।
सायना ने जीत के बाद कहा, "मैं बिना किसी महत्वकांक्षा के खेल रही हूं, क्योंकि यह मेरा पहला ओलंपिक है। मैं बस अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहती हूं। ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।"
दूसरी ओर, पुरुष वर्ग में देश के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी श्रीधर दूसरे दौर में हार गए। श्रीधर को जापान के खिलाड़ी सोजी सातो ने 21-13, 21-17 से पराजित किया।
मैच के बाद श्रीधर ने कहा, "मैं अपने लय में नहीं था। अच्छे खेल के बावजूद हार जाना वाकई दुखद है। जो हुआ, उसे स्वीकार करके आगे देखने में समझदारी है। ओलंपिक में शिरकत करना ही मेरे लिए बहुत बड़ी सफलता है। ओलंपिक के अगले अंक में अगर खेलने का मौका मिला तो मैं अपने प्रदर्शन में सुधार लाने की कोशिश करूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications