बीजिंग ओलंपिक : अभिनव को 'भारत रत्न' दिया जाए : मिल्खा सिंह
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। 'उड़न सिख' नाम से मशहूर महान ओलंपिक धावक मिल्खा सिंह ने बीजिंग की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजे जाने की मांग की है।
बिंद्रा की सफलता पर भावनाओं में बहे जा रहे मिल्खा सिंह ने आईएएनएस को बताया, "मैं बहुत खुश हूं। मेरा सपना था कि भारत ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीते। अभिनव ने जीते जी मेरा यह सपना पूरा कर दिया।"
मिल्खा सिंह ने वर्ष 1960 के रोम ओलंपिक के उस पल को याद किया, जब वे बहुत कम अंतर से कांस्य पदक जीतने से चूक गए गए थे। उन्होंने कहा कि बिंद्रा ने अपनी सफलता से मानो उनका वही खोया पदक दिला दिया हो।
मिल्खा बोले, "ऐसा लग रहा है कि बिंद्रा ने मेरा पदक मुझे लाकर दे दिया है। उनकी यह कामयाबी युवाओं को प्रेरित करेगी। इससे खासकर उन खिलाड़ियों को काफी ताकत मिलेगी, जो ओलंपिक अभियान पर बीजिंग में हैं। अगर मेरी मानिए तो बिंद्रा को 'भारत रत्न' से नवाजा जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications