यूरोपीयन मध्यस्थों ने पेश की रूस-जार्जिया विवाद सुलझाने की योजना
मास्को/तबलिसी, 11 अगस्त (आईएएनएस)। रूस और जार्जिया के बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए पहली बार जार्जिया की राजधानी तबलिसी पहुंचे पश्चिमी मध्यस्थों ने दोनों पक्षों से तत्काल युद्ध विराम लागू करने के लिए कहा है।
यूरोपीय संघ के वर्तमान अध्यक्ष फ्रांस के विदेश मंत्री बर्नार्ड कुचनर और यूरोप के सुरक्षा और सहयोग संगठन के अध्यक्ष फिनलैंड के विदेशमंत्री एलेक्जेंडर स्टब ने इसके लिए रविवार देर रात जार्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल साकाश्विली से मुलाकात की।
कुचनर ने कहा कि इसके अगले चरण में युद्ध विराम के दौरान सभी घायलों का इलाज किया जाएगा।
उन्होंेने कहा कि तीसरे चरण में दोनों पक्षों द्वारा अपनी सेना को वापस बुलाना शामिल है। लेकिन यह वापसी पर्यवेक्षकों की देखरेख में होगी। कुचनर ने कहा कि इसके बाद राजनीति बातचीत शुरू होगी। वे सोमवार को वार्ता के लिए मास्को जाएंगे।
उधर करीब चार दिन के संघर्ष के बाद रूसी सेनाओं ने रविवार को दक्षिण ओस्सेतिया की राजधानी तस्किनवाली पर कब्जा जमा लिया जबकि जार्जिया सरकार ने एकतरफा युद्धविराम की घोषणा कर दी है।
दक्षिण ओस्सेतिया की राजधानी से जार्जियाई सेनाओं की वापसी की पुष्टि के बावजूद संघर्ष जारी रहने के समाचार हैं। रूसी बमवर्षक विमानों ने गोरी शहर और तबलिसी हवाई अड्डे पर बमबारी की है और कई जार्जियाई लड़ाकू जहाजों को डुबा दिया है। जार्जियाई सेना के भी तस्किनवाली पर गोलाबारी की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications