बीजिंग ओलंपिक : निशानेबाजी में बिंद्रा ने जीता स्वर्ण, बधाई संदेशों का तांता (राउंडअप)

बीजिंग/चंडीगढ़/नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। दो दिनों से निराश कर रहे निशानेबाजों की नाकामी को धोते हुए 25 वर्ष के अभिनव बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में सोमवार को वह कारनामा कर दिखाया, जो भारत के खेल इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। बिंद्रा ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वे ओलंपिक की किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले देश के पहले खिलाड़ी बन गए।

ओलंपिक में स्वर्ण का सूखा खत्म होने से खुश राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित लगभग सभी बड़े नेताओं ने बिंद्रा को बधाई दी। इसके अलावा पूर्व ओलंपियनों और कपिल देव तथा धोनी जैसे क्रिकेटरों ने भी अभिनव को बधाई दी। खेलमंत्री और भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख भी पीछे नहीं रहे। बिंद्रा के नाम पुरस्कारों की झड़ी लग गई। एक घंटे के अंदर करोड़ों रुपये के पुरस्कार की घोषणा हो गई।

बिंद्रा की सफलता पर देशवासी भी फूले नहीं समाए। उन्होंने पूरे दिन तिरंगे के साथ जश्न मनाया। बिंद्रा के पिता ने चंडीगढ़ स्थित अपने फार्म हाउस में पत्रकारों से कहा कि उनका बेटा सही मायने में 'किंग' है क्योंकि उसने सिख समुदाय के साथ-साथ देश का मान बढ़ाया है।

बिंद्रा ने सोमवार को 700.5 अंकों के साथ स्वर्ण जीता। ओलंपिक में भारत को 28 साल बाद स्वर्ण मिला। 1980 के मास्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने स्वर्ण जीता था।

जीत के बाद बिंद्रा ने कहा कि उन्हें आशा है कि उनकी यह सफलता भारत में खेलों की दशा और दिशा बदलने का काम करेगी।

दिल्ली में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बिंद्रा को बधाई दी। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान और रेलमंत्री लालू प्रसाद ने भी बिंद्रा को इस कामयाबी पर बधाई दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि अभिनव को एक अरब देशवासियों के सपने का अहसास था, यही कारण है कि उन्होंने अपनी पूरी क्षमता लगाते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीता।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, "मैं इस बात को लेकर आत्यधिक खुश और गर्व महसूस कर रही हूं कि आपने एक अरब देशवासियों के सपने को महसूस करते हुए ओलंपिक में स्वर्ण जीता।"

बिंद्रा को भेजे गए अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, "मुझे आशा है कि आपकी यह सफलता हमारे देश के खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर पर मनोवांक्षित मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।"

आडवाणी ने अपने संदेश में कहा कि अपनी शानदार सफलता के दम पर बिंद्रा ने देश का मान बढ़ाया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि अभिनव ने अपने प्रदर्शन से भारतीय खेल इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। उन्होंने कहा, "बिंद्रा की इस सफलता ने लगातार ऊंचाई की ओर बढ़ रही हमारी युवा शक्ति को रोमांचित किया है। मैं अभिनव को बधाई देता हूं। साथ ही मैं बीजिंग गए दूसरे खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं देता हूं।"

रेलमंत्री लालूप्रसाद यादव ने कहा कि इस शानदार सफलता के बाद बिंद्रा राजधानी और शताब्दी सहित देश की सभी ट्रेनों की वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में आजीवन मुफ्त सफर कर सकते हैं।

'उड़न सिख' नाम से मशहूर महान ओलंपिक धावक मिल्खा सिंह ने तो बिंद्रा को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजे जाने की वकालत कर डाली। मिल्खा सिंह ने बताया, "मैं बहुत खुश हूं। मेरा सपना था कि भारत ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीते। अभिनव ने जीते जी मेरा यह सपना पूरा कर दिया।"

केंद्रीय खेलमंत्री एम.एस. गिल और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा की शानदार सफलता की सराहना की है।

गिल ने कहा, "बिंद्रा की यह कामयाबी भारतीय खेलों की दिशा तय करेगी। हमने निशानेबाजी में पहले भी पदक जीता है। हमारे पास विश्व विजेता हैं, लेकिन ओलंपिक में स्वर्ण जीतना हमेशा खास होता है। मैं बिंद्रा को बधाई देता हूं। "

कलमाडी ने कहा कि सोमवार का दिन देश के खेल इतिहास में खास महत्व रखेगा। उन्होंने कहा, "हम सब बिंद्रा की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।"

भारतीय राइफल संघ के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा, " मुझे तो अब तक यकीन नहीं हो रहा है कि हमने पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया है। जिस तरह निशानेबाज हमारे लिए पदक जीत रहे हैं, यह खेल एक दिन हमारे देश में नंबर एक खेल बन जाएगा।"

भारत को एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले कपिल देव ने कहा कि बिंद्रा की सफलता देश के खेल इतिहास की महानतम घटना है। कपिल के मुताबिक किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतना 1983 विश्व कप की कामयाबी से कहीं अधिक मायने रखता है।

भारत की एकदिवसीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि वे बिंद्रा को व्यक्तिगत तौर पर बधाई देना चाहते हैं। धोनी ने कहा, "सभी भारतीयों के लिए यह गर्व का क्षण है। ओलंपिक में स्वर्ण जीतना किसी भी खिलाड़ी का सपना होता है। मुझे पूरा यकीन है कि अभिनव का परिवार आज उन पर गर्व कर रहा होगा।"

बिंद्रा के गृहनगर चंडीगढ़ के रहने वाले भारतीय टीम के सितारे युवराज सिंह ने कहा कि यह सफलता पाने के लिए बिंद्रा ने जबरदस्त मेहनत की है। बकौल युवराज "अभिनव ने हम सबका मान बढ़ाया है। मैं बहुत खुश हूं।"

उधर, चंडीगढ़ में बिंद्रा के उद्योगपति पिता ए.एस. बिंद्रा और मां बबली बिंद्रा की खुशी का ठिकाना नहीं है। अपने फार्म हाउस पर बेटे की सफलता का जश्न मना रहे ए.एस बिंद्रा ने कहा कि उनका बेटा सही मायने में 'किंग' है।

ए.एस बिंद्रा ने अपनी खुशी का इजहार करते कहा, "मेरे बेटे ने साबित कर दिया कि 'सिंह' ही असल मायने में 'किंग' है। अभिनव ने समूचे सिख समुदाय के साथ-साथ देश का नाम रोशन किया है।"

बबली बिंद्रा ने कहा कि अभिनव 14 अगस्त को स्वदेश लौटेंगे। उन्होंने कहा, "हमारा पूरा परिवार उसे लेने हवाई अड्डे जाएगा। मैं उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं, जब मैं उसे अपने गले से लगाकर बधाई दूंगी।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+