कोलंबो टेस्ट : श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराया (राउंडअप)
कोलंबो, 11 अगस्त (आईएएनएस)। कोलंबो के सरवनमुत्तु स्टेडियम में खेले गए तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में श्रीलंका ने भारत को आठ विकेट से हरा दिया। सोमवार को अपनी दूसरी पारी में 268 रन बनाकर आउट होने वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने 122 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की टेस्ट श्रंखला पर 2-1 से कब्जा कर लिया। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका ने एक पारी और 239 रनों से जीत दर्ज की थी, जबकि गॉल में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच भारत ने 170 रनों से जीता था।
रविवार को मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 161 रन बनाने वाली भारतीय टीम सोमवार को मैच के चौथे दिन 268 रन बनाकर आउट हो गई। पहली पारी की तुलना में श्रीलंका ने उस पर 145 रनों की बढ़त बनाई थी। इस आधार पर भारत ने श्रीलंका के सामने 122 रनों का लक्ष्य रखा, जो श्रीलंकाई खिलाड़ियों के लिए आसान साबित हुआ।
भारत के लिए दूसरी पारी में राहुल द्रविड़ ने सबसे अधिक 68 रन बनाए, जबकि वी. वी. एस. लक्ष्मण ने 61 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों ने छठे विकेट के लिए 85 रन जोड़े। हार बचाने के लिए खेल रही भारतीय टीम की सारी उम्मीदें इन्हीं दो खिलाड़ियों पर टिकी थीं।
216 रन के कुल योग पर द्रविड़ के आउट होने के साथ भारत की उम्मीदें टूट गईं। इसके बाद भारतीय टीम के बाकी के चार बल्लेबाज 52 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए। द्रविड़ ने अपनी 116 गेंदों की पारी में छह चौके लगाए, जबकि लक्ष्मण ने 157 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके जड़े। हरभजन सिंह ने भी 32 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 26 रनों का योगदान दिया।
श्रीलंका की ओर से युवा स्पिन गेंदबाज असंथा मेंडिस तथा मुथैया मुरलीधरन ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि तेज गेंदबाज धमिका प्रसाद को दो विकेट मिले। मेंडिस को 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया, जबकि दूसरी पारी में शानदार शतक लगाने वाले कुमार संगकारा को 'मैन आफ द मैच' खिताब से नवाजा गया।
दूसरी पारी में श्रीलंका के लिए मलिंदा वर्णपुरा ने 54 और कप्तान माहेला जयवर्धने ने 50 रनों की नाबाद पारी खेली। वर्णपुरा ने 99 गेंदों पर पांच चौके लगाए, जबकि जयवर्धने ने 85 गेंदों पर तीन चौके जड़े। दूसरी पारी में भारत के लिए जहीर खान और हरभजन ने एक-एक विकेट लिए।
भारत और श्रीलंका की टीमें अब पांच मैचों की एकदिवसीय श्रंखला खेलेंगी। श्रंखला का पहला मैच शुक्रवार 15 अगस्त को कोलंबो में खेला जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications