बीजिंग ओलंपिक : गिल और कलमाडी ने बिंद्रा की सफलता को सराहा
बीजिंग/नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय खेलमंत्री एम.एस. गिल और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा की शानदार सफलता की सराहना की है।
गिल ने कहा, "बिंद्रा की यह कामयाबी भारतीय खेलों की दिशा तय करेगी। हमने निशानेबाजी में पहले भी पदक जीता है। हमारे पास विश्व विजेता हैं, लेकिन ओलंपिक में स्वर्ण जीतना हमेशा खास होता है। मैं बिंद्रा को बधाई देता हूं। "
कलमाडी ने कहा कि सोमवार का दिन देश के खेल इतिहास में खास महत्व रखेगा। उन्होंने कहा, "हम सब बिंद्रा की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।"
दूसरी ओर, भारतीय राइफल संघ के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा, " मुझे तो अब तक यकीन नहीं हो रहा है कि हमने पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया है। जिस तरह निशानेबाज हमारे लिए पदक जीत रहे हैं, यह खेल एक दिन हमारे देश में नंबर एक खेल बन जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications