अफगानिस्तान में हमले में 5 नागरिक मारे गए
काबुल, 11 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में एक हमले में पांच नागरिक मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए, जबकि पूर्वोत्तर हिस्से में अमेरिकी नेतृत्व वाले सुरक्षा बलों के हवाई हमले में कई अन्य लोग मारे गए।
इसबीच दक्षिणी अफगानिस्तान में तालिबानियों के हमले में उत्तर अंटलाटिक संधि संगठन (नाटो) सेना में शामिल कनाडा का एक जवान मारा गया, जबकि देश के अन्य हिस्सों में 20 से ज्यादा आतंकवादी पकड़े गए।
कंधार के जेराय जिले में रविवार को हुए एक हमले में पांच नागरिक मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए। जिले के पुलिस प्रमुख बसिमुल्लाह जान ने बताया कि मारे गए सभी लोग श्रमिक थे, जो अंगूर के बाग में काम करने के बाद लौट रहे थे, तभी उनका वाहन विस्फोट की चपेट में आ गया।
कैपिसिया प्रांत के पुलिस प्रमुख मैतुल्लाह सफी ने बताया कि एक अन्य घटना में अफगान सुरक्षा बलों ने गठबंधन सेनाओं के सहयोग से शनिवार को किए गए हवाई हमलों में 10 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। उन्होंने बताया कि कुछ नागरिक भी मारे गए हैं, लेकिन उनकी तत्काल पुष्टि नहीं की जा सकती।
स्थानीय मीडिया ने ग्रामीणों के हवाले से खबर दी है कि इस हवाई हमले में बीस से ज्यादा नागरिक हताहत हुए हैं। तागाब जिले से सांसद हाजी मोहम्म्द इग्बाल सफी ने समाचार एजेंसी डीपीए को बताया कि महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 19 नागरिक मारे गए।
सफी ने बताया कि उन्हें यह जानकारी खुर्घाल गांव के विश्वसनीय सूत्रों से मिली है, जहां यह बमबारी हुई।
कंधार में एक अन्य घटना में तीन पाकिस्तानी नागरिकों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया है और 11 आतंकवादी पकड़े गए हैं।
सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उरूजगन सूबे के तालिबानी गवर्नर मुल्ला बारी गुल और छह अन्य को सुरक्षा बलों ने पकड़ लिया है। बयान में घटनाओं और गिरफ्तारियों की तारीख नहीं बताई गई है।
गठबंधन सेनाओं ने पकतिया सूबे में भी तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार करने की खबर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications