मुशर्रफ के खिलाफ 100 पृष्ठों का आरोप पत्र तैयार
इस्लामाबाद, 11 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की एक संयुक्त समिति ने 100 पृष्ठों का आठ सूत्रीय आरोप पत्र तैयार किया है, लेकिन वह काम को पूरा करने के लिए और समय चाहती है।
सोमवार को सूचना मंत्री शेरी रहमान के आवास पर समिति की बैठक हुई। सीनेट के नेता रजा रब्बानी, कानून मंत्री फारूक एच. नाइक, शिक्षा मंत्री अहसान इकबाल, सीनेटर इशाक डार और पीपीपी के प्रवक्ता फरहातुल्लाह बाबर ने बैठक में शिरकत की।
सूत्रों के हवाले से समाचार पत्र 'द न्यूज' ने लिखा है कि आठ सूत्रीय एजेंडे में 12 अक्टूबर 1999 को तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की सरकार का तख्ता पलटने, पिछले साल तीन नवंबर को संविधान स्थगित करने और सर्वोच्च न्यायालय व अन्य न्यायालयों के न्यायाधीशों को बर्खास्त करने के मामले शामिल हैं।
अखबार के मुताबिक आरोप पत्र में लाल मस्जिद पर की गई सैन्य कार्रवाई, देश की राजनीति में विदेशी ताकतों का हस्तक्षेप, अब्दुल कदीर खान प्रकरण और बेनजीर भुट्टो की हत्या प्रकरण को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
इसके अलावा संघ प्रशासित कबायली क्षेत्र (एफएटीए) के सांसद अपने क्षेत्रों में की गई सैन्य कार्रवाई को भी मुशर्रफ के खिलाफ आरोप पत्र में शामिल किए जाने की मांग कर रहे हैं।
अखबार ने कहा, "सूत्रों ने कहा कि प्रांतीय असेंबलियों के माध्यम से मुशर्रफ पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। प्रांतीय असेंबलियां उनसे संसद का विश्वास हासिल करने को कहेंगी और वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें महाभियोग का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।"
बाबार ने कहा, "हम आरोप पत्र तैयार करने में लगे हुए हैं और यह एक बड़ा काम है, क्योंकि इसमें मुशर्रफ द्वारा किए गए कानून और संविधान के उल्लंघन को शामिल किया जाना है।"
समिति के एक सदस्य ने कहा कि वे 17 से 23 अगस्त के बीच महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करने की योजना बना रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications