पाक में संघर्ष, 100 आतंकवादी व 9 सुरक्षाकर्मी मारे गए
इस्लामाबाद, 11 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के बाजौर कबायली जिले में जारी संघर्ष में पिछले चार दिनों के दौरान 100 तालिबानी आतंकवादी और नौ सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। पाकिस्तानी सेना ने इसकी जानकारी दी।
जिले के लोइ साम क्षेत्र में स्थित फ्रंटियर पुलिस अड्डे को घेर लिए जाने के बाद तालिबानी आतंकवादियों के साथ पिछले सप्ताह संघर्ष शुरू हुआ था।
रविवार को पेशावर में फ्रंटियर पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "पिछले चार दिनों के भीतर 100 से अधिक आतंकवादी और नौ सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं।"
रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में सहायक प्रवक्ता मेजर मुराद खान ने 13 सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इनकी संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई जवान अब भी लापता हैं।
उधर, तालिबान के प्रवक्ता मौलवी उमर ने दावा किया है कि उसने 50 से अधिक जवानों को मार गिराया है और उनके हथियारों को जब्त कर लिया। उमर ने दावा कि उसके लड़ाके लोई साम में बढ़त बनाए हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications