कार की बिक्री जुलाई में 1.71 प्रतिशत गिरी
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। इस वर्ष जुलाई महीने के दौरान घरेलू बाजार में कारों की बिक्री में 1.71 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। पिछले लगभग तीन वर्षो की अवधि में पहली बार कारों की बिक्री में गिरावट आई है।
'सोसाइटी आफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैनुफक्चर्स' (सियाम) की एक रिपोर्ट के मुताबिक जुलाई महीने के दौरान घरेलू बाजारों में कुल 87,724 कारों की बिक्री हुई। रिपोर्ट में कंपनियों की बढ़ती हुई लागत और महंगे ऋण को ताजा गिरावट के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
गौरतलब है कि कारों की बिक्री इस वर्ष जून में 6.1 प्रतिशत और मई में 14.3 प्रतिशत बढ़ी थी। इससे पहले जून 2005 में कारों की बिक्री में गिरावट आई थी।
इस अवधि में हालांकि दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 19.47 प्रतिशत बढ़कर 5,99,369 के स्तर पर जा पहुंची। पिछले वर्ष जुलाई में 5,01,691 दोपहिया वाहन बिके थे। इस अवधि में केवल मोटरसाइकिलों की बिक्री 21.91 प्रतिशत बढ़ी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
