बीजिंग ओलंपिक : बिंद्रा को व्यक्तिगत तौर पर बधाई देना चाहते हैं धोनी
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की एकदिवसीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सोमवार को कहा कि वे ओलंपिक में स्वर्ण जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को व्यक्तिगत तौर पर बधाई देना चाहते हैं।
धोनी ने कहा, "सभी भारतीयों के लिए यह गर्व का क्षण है। ओलंपिक में स्वर्ण जीतना किसी भी खिलाड़ी का सपना होता है। मुझे पूरा यकीन है कि अभिनव का परिवार आज उन पर गर्व कर रहा होगा।"
बिंद्रा के गृहनगर चंडीगढ़ के रहने वाले भारतीय टीम के सितारे युवराज सिंह ने कहा कि यह सफलता पाने के लिए बिंद्रा ने जबरदस्त मेहनत की है। बकौल युवराज "अभिनव ने हम सबका मान बढ़ाया है। मैं बहुत खुश हूं।"
बिंद्रा ने बीजिंग ओलंपिक में निशानेबाजी की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में सोमवार को स्वर्ण जीता। वे किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले भारत के पहले ओलंपिक खिलाड़ी बने। साथ ही बिंद्रा ने 28 साल के अंतराल के बाद भारत को ओलंपिक में स्वर्ण दिलाया। भारतीय हॉक टीम ने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications