शांति के लिए राजे ने लिया एसएमएस और पर्चो का सहारा
जयपुर, 29 मई (आईएएनएस)। राजस्थान और उसके सीमावर्ती इलाकों में गुर्जरों के आंदोलन के कारण जनजीवन के अस्त व्यस्त हो जाने के बाद राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शांति स्थापना के लिए एसएमएस (मोबाइल संदेश) और पर्चो का सहारा ले रही हैं।
जयपुर, 29 मई (आईएएनएस)। राजस्थान और उसके सीमावर्ती इलाकों में गुर्जरों के आंदोलन के कारण जनजीवन के अस्त व्यस्त हो जाने के बाद राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शांति स्थापना के लिए एसएमएस (मोबाइल संदेश) और पर्चो का सहारा ले रही हैं।
इसके लिए उन्होंने राज्य के करीब एक करोड़ मोबाइल धारकों को एसएमएस किए और प्रभावित इलाकों में हेलीकाप्टर से पर्चे गिराए। इन पर्चो में उन्होंने प्रभावित इलाके के लोगों से शांति बनाए रखने और केंद्र सरकार से संपर्क करने की अपील की है।
एसएमएस में उन्होंने लिखा, "हमारे शांतिप्रिय राज्य में अशांति होना दुखद है। मेरा अनुरोध है कि आप संयम का परिचय दें और शांति बहाली में सहयोग दें।"
बयाना और सिकंदरा क्षेत्रों में पर्चे गिराने के लिए सरकार ने भारतीय वायु सेना के हेलीकाप्टरों का सहारा लिया। उन्होंने गुर्जरों से कहा कि वे अपनी मांगें केंद्र सरकार के समक्ष रखें क्योंकि राज्य सरकार पहले ही आरक्षण संबंधी अनुशंसा केंद्र के पास भेज चुकी है।
राज्य के गृह मंत्री जीसी कटारिया ने आईएएनएस से कहा, "राज्य में कहीं से किसी बड़ी घटना के समाचार नहीं मिले हैं। गुर्जर बहुल इलाकों से पथराव की छोटी मोटी सूचनाएं मिली हैं।"
गौरतलब है कि गुर्जर संघर्ष आरक्षण समिति के प्रमुख के.एस.बैंसला और उनके समर्थक पुलिस गोलाबारी में मारे गए किसानों के शवों के साथ बयाना कस्बे के निकट धुमारिया रेलवे स्टेशन के पास धरने पर बैठे हुए हैं।
इससे पहले राज्य सरकार ने मंगलवार को हिंसा प्रभावित 15 जिलों में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications