डॉक्टर बनेगी पंचर लगाने वाले की बेटी! परिवार के बुरे हालातों के बीच लगन और मेहनत से क्रैक किया NEET
NEET UG Result: कहते हैं सपने ऊंचे हों और उन्हें पाने के लिए लगातार मेहनत करे तो उन्हें पूरा करने से कोई नहीं रोक सकता। ऐसे ही सपने अपनी आंखों में लिए मिस्बाह ने हाल ही में NEET UG की परीक्षा को क्रैक किया।
नीट परीक्षा में 730 में से 633 नंबर लाकर मिस्बाह ने पूरे परिवार के चेहरे पर खुशी ला दी। ऐसी खुशी जिसे शब्दों में बयां कर पाना आसान नहीं है। मिस्बाह ने पूरे जालना जिले में अपना और परिवार का नाम रोशन किया है।

बताते चलें कि घर के हालात खराब होने के बाद भी मिस्बाह ने मन लगाकर पढ़ाई की। उनके पिता मोटरसाइकिल पंक्चर बनाते हैं और मां घर का सारा काम देखती हैं। ऐसे हालात होने के बाद भी मिस्बाह ने मजबूरियों या फिर परेशानियों को कभी आड़े नहीं आने दिया। MBBS करके अब वो डॉक्टर बनेंगी।
जब मिस्बाह का रिजल्ट आया तो उनके माता-पिता की आंखों से आंसू बहने लगे। परिवार की खुशी का कोई ठिकाना ही नहीं था। बेटी का रिजल्ट आने पर 'आज तक' से बात करते हुए पिता ने कहा कि अगर अंकुर सर का मार्गदर्शन नहीं होता तो मिस्बाह को ये सफलता नहीं मिलती। मिस्बाह जालना जिले में 2-3 सालों तक अंकुर सर की क्लास में मुफ्त में नीट की तैयारी कर रही थी। आज उसकी लगन की वजह से पूरे जिले में नीट में टॉप किया है।
मिस्बाह का कहना है कि घर के हालात काफी खराब थे, जब वो दिन रात पढ़ाई कर रही थीं। लेकिन कभी हिम्मत नहीं हारी। मिस्बाह एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉक्टर बनकर गरीबों की मदद करना चाहती हैं। उनके पिता किसी तरह परिवार का गुजर बसर करते हैं। जब से मिस्बाह ने परीक्षा पास की है, परिवार की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।
वहीं नीट की परीक्षा के लिए गरीब बच्चों को मुफ्त में कोचिंग देने वाले अंकुर सर कहते हैं कि हम गरीब बच्चों के लिए योजना चलाते हैं। इस योजना के तहत बच्चों को फ्री में कोचिंग दी जाती है। इसी के तहत मिस्बाह को भी मुफ्त में कोचिंग मिली थी। लगता है अब हमारी मेहनत रंग ला रही है।












Click it and Unblock the Notifications