'मैं नहीं मानता इसे, ये वीडियो तो राजकुमार की फिल्म तिरंगा का है जी'
केजरीवाल साब ने वीडियो देखा और कहा कैमरा लाओ। हम अभी एक वीडियो बनाकर फेसबुक पर डालते हैं और इस वीडियो की पोल-पट्टी खोल देते हैं।
नई दिल्ली। बीते साल सेना के पीओके में जाकर सर्जिकल स्ट्राइक के बाद कई तरह की बातें की गई, इसकी सच्चाई को लेकर सवाल भी किए गए। जिन लोगों ने इस पर सवाल उठाए उनमें एक अहम नाम अरविंद केजरीवाल का रहा। उन्होंने इस कार्रवाई के सुबूत मांगे थे, जिसको लेकर हंगामा भी खूब हुआ।
अब एक बार फिर सेना की कार्रवाई चर्चा में है। इस बार इसका वीडियो भी जारी किया है। ये वीडियो देख इसकी खबर देने एक आप कार्यकर्ता अरविंद केजरावाल के घर भरी दोपहर में पहुंच गया।

दरअसल, सेना का वीडियो आया तो आप कार्यकर्ता समझ गए कि फिर से केजरीवाल जी जरूर कुछ ना कुछ रायता फैलाएंगे। अब एक कार्यकर्ता ने उन्हें फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा तो दोपहर होने के बावजूद दौड़ा उनके घर की तरफ।
भागते-दौड़ते पहुंचे कार्यकर्ता ने घर पर जाकर अपने नेता को आवाज दी लेकिन भीतर सब सन्नाटा। काफी देर के बाद भाभी जी (मिसेज केजरीवाल) आईं और खिड़की से जांच-पड़ताल के बाद दरवाजा खोला। अब कार्यकर्ता को तो गुस्सा आना ही था, आखिर पहले उसका फोन नहीं उठा और भरी दोपहर में दौड़कर आने के बावजूद दरवाजा खुलने में देर... तो गुस्सा दिखा भी दिया।
कार्यकर्ता- भाभी जी, पहले तो हम आसानी से सीएम साब से मिल लेते थे, अब हम इतनी देर से दरवाजे पर खड़े हैं लेकिन कोई दरवाजा खोलने तक नहीं रहा है। क्या समझें इसे???
भाभी जी- अरे क्या बताएं, इस कपिल मिश्रा ने इन्हें इतना परेशान कर रखा है कि सोते हुए भी हड़बड़ा कर उठ जाते हैं 'बेबुनियाद आरोप, बेबुनियाद आरोप' कहते हुए... इसीलिए दरवाजा थोड़ा ध्यान से बंद करते हैं, पता नहीं इन्हें जाने क्या वहम सा रहता है।
कार्यकर्ता- अच्छा वो छोड़िए.. एक बहुत जरूरी वीडियो आया है, मुझे पता है कि आप तो कपिल मिश्रा के डर से टीवी आजकल चला नहीं रहे हैं इसलिए मैं खुद आया हूं दिखाने। बताइए तो कहां हैं सीएम साब।
भाभी जी- चले जाइए.. भीतर वाले कमरे में ईवीएम का तकिया बनाकर सो रहे हैं।
कार्यकर्ता- ईवीएम का तकिया...?
भाभी जी- अरे तुम्हें तो पता ही है ईवीएम को लेकर कितने क्रेजी हो गए हैं ये. खैर.. छोड़ो जाओ मिल लो... लो वो तो आ गए यहीं पर।
कार्यकर्ता- सीएम साब, आपने ये वीडियो देखा, सेना ने जारी किया है। पाक की पोस्ट तबाह करने का, अब फिर मोदी जी अपनी पीठ ठोक लेंगे. देखिए तो...
केजरीवाल- अजी हां... भरी दोपहरी ये खबर लाए तो. चलो दिखाओ...
केजरीवाल साब ने देर तक वीडियो देखा और अपना दिमाग लगाया और कहा कैमरा लाओ। हम अभी एक वीडियो बनाकर फेसबुक पर डालते हैं और इस वीडियो की पोल-पट्टी खोल देते हैं।
केजरीवाल- देखिए हमें इस कार्रवाई और वीडियो पर हमें तगड़ा शक है जी। हमने इसे पहचान लिया है, ये वीडियो तो राजकुमार और नाना पाटेकर की फिल्म तिरंगा का है, वो जब राजकुमार जी जाते हैं गुंडास्वामी के अड्डे पर और बम मारके सब धुआं-धुआं करते हैं, उसी सीन से काटा गया है जी ये वीडियो।
कार्यकर्ता कान में- अरे सर, वो फिल्म तो धर्मेंद्र की लोहा थी.. मेरे ख्याल से।
केजरीवाल- दे दिया ज्ञान... फिल्मों के बारे में मुझे बताओगे, मैं कोई फिल्म नहीं छोड़ता। कपिल मिश्रा ने टेंशन दी हुई थी फिर भी सरकार-3 देख आया था... हां तो मैं क्या कह रहा था? वीडियो के बारे में..
तो देखिए, पाकिस्तान पर कार्रवाई हो लेकिन इस तरह से राजकुमार और धर्मेंद्र की फिल्म के वीडियो नहीं चलेंगे जी.. क्वालिटी तो देखो वीडियो की. भला 3डी के जमाने में ये अच्छा लगता है क्या?
एक साथ कई सवाल आए केजरीवाल की तरफ.. सर इस बार तो जिन हथियारों का इस्तेमाल हुआ है, वो भी पता चल गया है। अब केजरीवाल जी ने हथियारों की लिस्ट देखी और दाहिना हाथ ऊपर उठाया.. हो गया जी हो गया फैसला, ये सारा काम अमेरिका के हथियारों से हुआ है।
जब भारत के हथियारों का कोई इस्तेमाल ही नहीं तो मैं साफ कर रहा हूं कि मोदी जी इसका क्रेडिट लेने की कोशिश ना करें, नहीं तो फिर मैं भी धरने के लिए तैयार बैठा हूं जी।
मोदी जी कुछ भी बोले तो इसको लेकर तो उनके खिलाफ अनशन की धमकी देते हुए अब मैं जा रहा हूं... दरअसल वो इरफान खान की हिंदी मीडियम रिलीज हुई है और मैं अभी तक देख नहीं पाया हूं. सुने कि बढ़िया फिल्म है जी. देखनी पडती है फिल्म भी कभी-कभी.. आम आदमी हूं ना जी.....
(यह सिर्फ एक व्यंग्य लेख है)












Click it and Unblock the Notifications