Travel Planning: रिटायरमेंट के बाद कैसे करें दुनिया की सैर? समझदारी से प्लान करें ‘टेंशन फ्री वर्ल्ड टूर’
Retirement Travel Planning: भारत में रिटायरमेंट को लेकर लोगों की सोच तेजी से बदल रही है। जहां पहले इसे जिम्मेदारियों से मुक्ति और आराम का समय माना जाता था, वहीं अब यह जीवन का सबसे रोमांचक अध्याय बन गया है। फिल्म 'लगे रहो मुन्ना भाई' ने जब 'सेकंड इनिंग्स' का कॉन्सेप्ट दिखाया था, तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यह शब्द आने वाले सालों में एक पूरी पीढ़ी की सोच बदल देगा।
अब भारतीय रिटायरीज़ रेस्ट नहीं करना चाहते, बल्कि दुनिया देखना, नया सीखना और खुद को फिर से खोजने के लिए निकल पड़ना चाहते हैं। इस बदलाव के पीछे है स्मार्ट फाइनेंशियल प्लानिंग, SIP में निवेश की आदत, और जीवन को नए नजरिए से जीने की चाह।

रिटायरमेंट के बाद घूमने का शौक बढ़ा
वीज़ा की एक रिपोर्ट के अनुसार, 65 साल या उससे अधिक उम्र के भारतीयों की विदेश यात्रा अगले साल तक तीन गुना बढ़ जाएगी। रिपोर्ट बताती है कि इस आयु वर्ग के लोगों की विदेश यात्रा हर साल करीब 11.4 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। इस बदलाव के पीछे दो बड़ी वजहें हैं - पहले से बेहतर ट्रैवल सुविधाएं और युवावस्था से शुरू की गई वित्तीय योजना।
बचत की आदत से मजबूत हुई 'सेकंड इनिंग्स'
आज कई लोग अपने कामकाजी वर्षों में ही रिटायरमेंट की प्लानिंग शुरू कर देते हैं। हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर या एसआईपी (SIP) के जरिए निवेश कर वे अपने बुढ़ापे के लिए मजबूत फंड तैयार करते हैं। रिटायरमेंट-फोकस्ड नई SIP योजनाओं ने इस आदत को और आसान बना दिया है। छोटे निवेश भी समय के साथ कंपाउंडिंग से बड़े फंड में बदल जाते हैं, जिससे भविष्य में यात्रा और अन्य शौक पूरे किए जा सकते हैं।
बच्चों पर निर्भरता नहीं, खुद की आज़ादी
अब रिटायर लोगों के लिए घूमना किसी लक्जरी से ज़्यादा एक आत्मसंतुष्टि का जरिया बन गया है। जो लोग समय रहते योजना बनाते हैं, वे बिना बच्चों या इमरजेंसी फंड पर निर्भर हुए आराम से सफर का आनंद ले सकते हैं। कंपाउंडिंग का जादू यही है - जितनी जल्दी शुरुआत करें, उतना बड़ा लाभ मिलेगा।
रिटायरमेंट प्लानिंग का नया चेहरा
आज के रिटायरीज़ के पास निवेश के कई विकल्प हैं जैसे एन्युइटी प्रोडक्ट्स, डिविडेंड वाले म्यूचुअल फंड्स और इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट प्लान। सही निवेश से वे अपनी यात्रा, वेलनेस या सामाजिक कार्यों जैसे व्यक्तिगत लक्ष्यों को पूरा कर सकते हैं। जरूरी है कि अल्पकालिक जरूरतों (जैसे यात्रा) के लिए तरलता और दीर्घकालिक निवेश के बीच संतुलन बना रहे। इसके लिए ग्रोथ फंड और फिक्स्ड इनकम योजनाओं का मिश्रण एक बेहतर विकल्प माना जा रहा है।
'वांडर विदआउट वरी' - सोच और तैयारी दोनों
आज की नई सोच है - "बिना चिंता घूमो"। लेकिन इसके पीछे होती है वर्षों की तैयारी। हेल्थ इंश्योरेंस, ट्रैवल इंश्योरेंस और इमरजेंसी फंड उतने ही ज़रूरी हैं जितनी टिकट और होटल बुकिंग। एक संतुलित वित्तीय योजना न केवल खर्चों का प्रबंधन करती है, बल्कि अचानक आने वाले आर्थिक संकट से भी बचाती है।
यात्रा ही असली संपत्ति
रिटायरमेंट के बाद की हर यात्रा व्यक्ति के अनुशासन, धैर्य और मेहनत का उत्सव होती है। वित्तीय योजना केवल पैसों का हिसाब नहीं, बल्कि उस आज़ादी का रास्ता है जिसके दम पर इंसान अपनी जिंदगी के बेहतरीन साल अपने तरीके से जी सके।
ये भी पढ़ें: तपती गर्मी से पाएं राहत, प्लान करें उत्तराखंड की ट्रिप! बजट ट्रेवल के लिए बेस्ट डेस्टिनेशन, देखें हर डिटेल












Click it and Unblock the Notifications