Fact Check: दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का नहीं, एक्ट्रेस पायल जाधव का है तलवार चलाने वाला वीडियो
Fact Check News: शालीमार बाग सीट से विधायक बनी रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप शपथ ली है। शपथ लेने के बाद से ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला तलवार चलाने का हुनर दिखाती नजर आ रही हैं। वीडियो को शेयर कर ऐसा दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता हैं।
हालांकि, इंडिया टुडे फैक्ट चेक ने पाया की यह दावा गलत है। वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला रेखा गुप्ता नहीं, बल्कि अभिनेत्री पायल जाधव हैं। अभिनेत्री पायल जाधव के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। बता दें, यह भ्रम तब पैदा हुआ जब किसी यूजर ने सोशल मीडिया पर रेखा गुप्ता को बधाई दी और वीडियो में उन्हें पहचानने में गलती कर दी।

क्या हो रहा वायरल?
एक्स यूजर 'प्रद्युम्न पटेल' ने 20 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'आरएसएस कार्यकर्ता का पुराना वीडियो और वह एबीवीपी में काम कर चुकी हैं और लंबे समय तक भाजपा में काम करने के बाद पहली बार विधायक चुनी गईं कार्यकर्ता रेखा गुप्ताजी। अब दिल्ली की सीएम हैं। बहुत-बहुत बधाई श्री @gupta_rekha जी।'
वायरल वीडियो की पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया। जिसके बाद यह वायरल वीडियो पायल जाधव द्वारा शेयर की गई एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर मिली। 19 फरवरी की यह पोस्ट किया गया था और इसमें मराठा शासक छत्रपति शिवाजी को श्रद्धांजलि थी। उन्होंने अपने मार्शल आर्ट कौशल का श्रेय महाराष्ट्र के एक प्रशिक्षण संस्थान "सव्यसाची गुरुकुलम" को दिया था।
इस पोस्ट से पुष्टि हुई कि वीडियो में दिख रही महिला वास्तव में पायल जाधव ही थीं। पायल जाधव एक अभिनेत्री हैं जिन्होंने 2023 में फिल्म 'बाप्ल्योक' से मराठी सिनेमा में अपनी शुरुआत की। उन्होंने 'मनवत मर्डर्स', एक टीवी सीरीज में भी काम किया है, और 'थ्री ऑफ अस', एक फिल्म में एक छोटी भूमिका निभाई है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि में पुणे विश्वविद्यालय से डिग्री और ललित कला केंद्र से भरतनाट्यम में मास्टर डिग्री शामिल है।
भ्रम को स्पष्ट करना
पायल जाधव द्वारा 5 जनवरी, 2023 को एक पुरानी तस्वीर शेयर की है, जिसमें उन्हें वायरल क्लिप में दिखाई गई पोशाक के समान कपड़ों में नजर आ रही है। इससे यह भी पुष्टि होती है कि वीडियो को दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के नाम से गलत तरीके से पेश किया गया था।
ये भी पढ़ें:- Delhi Today: सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती, रेखा कैबिनेट ने दी आयुष्मान भारत को मंजूरी, जानिए दिल्ली के हाल

Fact Check
दावा
दावा: वायरल वीडियो को लेकर ऐसा दावा किया जा रहा था कि यह दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पुराना वीडियो है, जिसमें वे तलवार चलाते नजर आ रही हैं।
नतीजा
जांच पड़ताल में पाया कि दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के नाम पर वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला बीजेपी नेता रेखा गुप्ता नहीं, बल्कि अभिनेत्री पायल जाधव।












Click it and Unblock the Notifications