Fact Check: शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में लोगों को बांटे पेट्रोल-डीजल की कीमत वाले कार्ड? जानिए सच्चाई
नई दिल्ली, नवंबर 07। मध्य प्रदेश में कुछ दिन पहले तक पेट्रोल की कीमत 120 रुपए लीटर तक जा पहुंची थी। हालांकि दिवाली से पहले केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी कम कर और फिर राज्य सरकार ने वैट में कटौती का ऐलान कर कीमतों में थोड़ी राहत जरूर प्रदान की थी। मध्य प्रदेश में अब पेट्रोल की कीमत 107 रुपए प्रति लीटर और डीजल 91 रुपए प्रति लीटर हो गया है, लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है, जिसको लेकर ये दावा किया जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान एक कार्यक्रम में लोगों को 120 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल, 109 रुपए प्रति लीटर डीजल और रसोई गैस 950 रुपए लिखे हुए कार्ड वितरित कर रहे हैं। इस वीडियो को इस तरह पेश किया जा रहा है कि सरकार अब महंगाई के मुद्दे पर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है।

पड़ताल में फेक निकला वीडियो
इस वीडियो के बैकग्राउंड में हैप्पी दिवाली सॉन्ग भी एड किया गया है और सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए मध्य प्रदेश सरकार पर तंज कस रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि शिवराज जी की तरफ से दिवाली का तोहफा। आपको इस वीडियो की सच्चाई के बारे में जरूर जान लेना चाहिए कि ये वीडियो सही है या फिर गलत। क्या मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वाकई किसी कार्यक्रम में जाकर जनता की भावनाओं के साथ ऐसा मजाक किया है? आपको बता दें कि जांच पड़ताल के बाद पता चला है कि ये वीडियो छेड़छाड़ करने के बाद वायरल किया गया है।

ये है असली वीडियो की सच्चाई
ये वीडियो पहली बार में देखने पर ही एडिटेड लग रहा है, लेकिन फिर कई साक्ष्यों के साथ आपको ये जानना जरूरी है कि आखिर ये वीडियो कहां का है और कैसे इसके साथ छेड़छाड़ की गई है। ये वीडियो 20 अक्टूबर 2021 का है, जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसी पुरस्कार वितरण सामारोह में गए थे। वीडियो में भी देखा जा सकता है कि बैनर पर पशुपालन व डेयरी विभाग, मध्य प्रदेश शासन लिखा हुआ नजर आ रहा है। दरअसल, वीडियो में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों वाले कार्ड जो वितरित करते हुए दिख रहे हैं, वो असलियत में चेक हैं, जो सीएम ने किए थे।

डीडी और एमपी Mygov के यूट्यूब चैनल पर मिला असली वीडियो
पड़ताल में साफ हो गया है कि वायरल हो रहा वीडियो छेड़छाड़ किया हुआ वीडियो है, जो पूरी तरह फर्जी है। इसका ओरिजनल वीडियो MP MyGov नाम के एक यूट्यूब चैनल और डीडी मध्य प्रदेश के यूट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध है। इसे 20 अक्टूबर 2021 को लाइव किया गया था। वीडियो के साथ बताया गया कि श्री विद्यासागर जीवदया गौ सेवा सम्मान योजना अंतर्गत पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह। यह कार्यक्रम जबलपुर में हुआ था।

Fact Check
दावा
Claim false
नतीजा
Claim false












Click it and Unblock the Notifications