Fact Check: 'थप्पड़बाज' लखनऊ गर्ल की हुई गिरफ्तारी? वीडियो को शेयर कर किया जा रहा है दावा, जानें क्या है सच?
Fact Check:'थप्पड़बाज' लखनऊ गर्ल की हो गई गिरफ्तारी? वीडियो को शेयर कर किए जा रहे हैं दावा, जानें क्या है सच?
नई दिल्ली, 08 अगस्त: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अवध चौराहे पर एक कैब ड्राइवर को उछल-उछलकर 22 बार थप्पड़ मारने वाली 'लखनऊ गर्ल' पिछले हफ्ते से सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हुई है। बीच चौराहे पर कैब ड्राइवर को बिना रूके 22 बार थप्पड़ मारने वाली प्रियदर्शिनी नारायण यादव पर पुलिस ने कई मामलों में केस दर्ज किए हैं। पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर लखनऊ गर्ल प्रियदर्शिनी नारायण यादव की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारी एक महिला को ले जाते दिख रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रियदर्शिनी नारायण यादव को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तो आइए जानें क्या है पूरा सच?

दावा: कैब ड्राइवर को थप्पड़ मारने वाली लखनऊ गर्ल की हुई गिरफ्तारी
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला, जिसने लाल रंग की शर्ट पहनी है, वो कम से कम दर्जन भर पुलिस वालों के बीच में चल रही है। महिला को ले जाते हुए उसके आसपास 4 से 5 महिला पुलिस अफसर भी हैं। मीडिया फोटोग्राफर उसकी तस्वीरें भी खींच रहे हैं।
इस वीडियो को शेयर कर ट्विटर,फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में लाल शर्ट पहने दिखाई देने वाली महिला कोई और नहीं बल्कि प्रियदर्शिनी नारायण यादव है। दावा किया जा रहा है कि कैब ड्राइवर को 22 बार थप्पड़ मारने वाली 'लखनऊ गर्ल' प्रियदर्शिनी नारायण यादव को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन आपको बता दें कि ये सच नहीं है, क्योंकि कोरोना काल में किसी को भी बिना मास्क के बाहर निकलने पर पाबंदी है। इस वीडियो में कोई भी मास्क पहने हुए नहीं दिख रहा है। इसके अलावा, वीडियो में दिख रही महिला प्रियदर्शिनी जैसी नहीं है।

वीडियो में दिखने वाली महिला 'राजस्थान डॉन' अनुराधा चौधरी है
वीडियो में जिस महिला को 'लखनऊ गर्ल' प्रियदर्शिनी नारायण यादव बताया जा रहा है, असल में वह महिला 'राजस्थान डॉन' अनुराधा चौधरी है। जो कुख्यात गैंगस्टर काला जेठड़ी की सहयोगी थी। वायरल वीडिय 2017 की है।
'लखनऊ गर्ल' प्रियदर्शिनी नारायण यादव की गिरफ्तारी की फिलहाल कोई भी अधिकारिक खबर नहीं आई है। इंडिया टुडे के मुताबिक लखनऊ पुलिस ने पुष्टि की है कि प्रियदर्शिनी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। एडीसीपी सेंट्रल लखनऊ चिरंजीव नाथ सिंहा ने बताया कि वायरल वीडियो में जो दावा किया जा रहा है वह झूठा है और प्रियदर्शिनी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक लखनऊ पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

10 हजार की इनामी आरोपी थी राजस्थान की लेडी डॉन अनुराधा चौधरी
वीडियो के कुछ फ्रेम को रिवर्स सर्च करने पर पता चला कि वायरल वीडियो साल 2017 में यू-ट्यूब पर अपलोड किया गया था। यानी इतना को साफ हो गया है कि ये वीडियो इस साल का नहीं है बल्कि पुराना है।
अनुराधा चौधरी को राजस्थान की 'लेडी डॉन' और 'रिवॉल्वर रानी' के नाम से भी जाना जाता है। ये मैडम मिंज के नाम से भी फेमस है। अनुराधा चौधरी अपहरण, जबरन वसूली, हथियार और उत्पाद अधिनियम के उल्लंघन और धोखाधड़ी जैसे अपराधों में एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अनुराधा चौधरी राजस्थान स्थित गैंगस्टर आनंद पाल की करीबी सहयोगी थी, जो जून 2017 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। दिल्ली पुलिस की एक स्पेशल टीम ने अनुराधा चौधरी को 31 जुलाई को गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल 14 दिन के पुलिस रिमांड में है।

Fact Check
दावा
लखनऊ के अवध चौराहे पर एक कैब ड्राइवर को उछल-उछलकर 22 बार थप्पड़ मारने वाली 'लखनऊ गर्ल'गिरफ्तार हो गई है।
नतीजा
नहीं, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला लखनऊ गर्ल प्रियदर्शिनी नारायण यादव नहीं है। वह राजस्थान की लेडी डॉन अनुराधा चौधरी है।












Click it and Unblock the Notifications