Fact Check: मुर्शिदाबाद हिंसा के नाम पर राजस्थान का पुराना वीडियो वायरल, CM के इलाके में हुआ था जमीन का विवाद
Fact Check Murshidabad Violence: भारत में 8 अप्रैल 2025 से लागू हुए वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 के खिलाफ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में विरोध प्रदर्शन ने 12 अप्रैल को हिंसक रूप ले लिया। आज 18 अप्रैल 2025 को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस मुर्शिदाबाद हिंसा पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंचे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा मुर्शिदाबाद हिंसा से जुड़ा एक वीडियो फैक्ट चेक में राजस्थान का पुराना वीडियो निकला है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 13 अप्रैल 2025 को PUNEET KUMAR DUBEY नाम की आईडी से वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक घर से कुछ लोग बदहवास होकर निकलते हुए दिख रहे हैं। पीछे से उन पर कुछ लोग हमला कर रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि 'बुरी खबर। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, मालदा, दक्षिण परगना, जिले में वक्फ बोर्ड विल के विरोध में आगजनी प्रदर्शन। मुर्शिदाबाद में एक ही परिवार के 3 हिंदुओं को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया है। इसी यूजर ने पोस्ट के कमेंट में लिखा है कि 'बंगाल में बांग्लादेश जैसे हालात हो चुके हैं। गरीबों के घर जेहादी घर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। यदि बंगाल को बचाना है तो बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाना होगा।'

सोशल मीडिया पर मुर्शिदाबाद हिंसा जैसे संवेदशनशील मामले का यह वायरल वीडियो देख वनइंडिया हिंदी फैक्ट चेक टीम ने इसकी पड़ताल शुरू की। सबसे पहले हमने बांग्ला भाषा के साथ शेयर किए जा रहे वीडियो पर नजर डाली। एक्स यूजर Muthukumar Subbaiah ने भी यह वीडियो शेयर किया और बांग्ला में लिखा कि 'पश्चिम बंगाल में हालात खराब। पश्चिम बंगाल में एक ही परिवार के तीन हिंदुओं की हत्या। इस तरह की कई घटनाएं।'
यह भी पढ़ें- Fact Check: तलाक के बाद हार्दिक पांड्या ने रश्मिका मंदाना से नहीं की शादी, माला पहने की फर्जी फोटो वायरल
इसी तरह से एक्स यूजर S.Pradhan ने Ocean Jain व की आईडी शेयर वीडियो का रीट्वीट किया है। दोनों के पोस्ट की समान है। लिखा-'जिस घर में... बैठ कर IPL देख रहें हों परिवार समेत उससे ऐसे ही खदेड़ कर भगाएं जाओगे..!!' ऐसी ही भाषा के साथ यूजर Ayush parmar ने वीडियो शेयर किया है।
वीडियो की सत्यतता जांचने के लिए हमने InVid टूल का इस्तेमाल किया और वीडियो को अपलोड करके उससे प्राप्त कीफ्रेम्स पर रिवर्स इमेज सर्च चलाकर देखा। हमें फेसबुक पर आम आदमी पार्टी राजस्थान के आधिकारिक पेज पर यह वीडियो 10 अप्रैल 2024 को अपलोड किया हुआ मिला।
यह भी पढ़ें- Fact Check: ₹3,000 का सालाना FASTag पास अभी सिर्फ उम्मीद, कार चालकों को नई टोल नीति से मिलेगा अपडेट
वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा था कि 'मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma जी के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में जमीन पर कब्जा करने के लिए बदमाशों की दिनदहाड़े गुंडागर्दी। भाजपा के आने से अपराध का गढ़ बना राजस्थान। हर भाजपा शासित राज्य में यही हो रहा है।
पड़ताल में आगे बढ़ने पर वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च क्रने पर टीवी9 भारतवर्ष, दैनिक भास्कर और ईटीवी भारत की खबरें मिलीं, जिनमें राजस्थान की राजधानी जयपुर के मालपुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित दादा गुरुदेव नगर की इस घटना को प्रकाशित किया गया है।
जयपुर में शंकर लाल सुईवाल के घर पर हमला
8 अप्रैल 2024 व 9 अप्रैल 2024 को प्रकाशित इन खबरों के अनुसार जमीन पर कब्जा करने के लिए 40-50 बदमाशों ने शंकर लाल सुईवाल के परिवार पर हमला कर दिया था। परिवार जमीन पर बने घर में पिछले 50 साल से रह रहा था। बदमाशों ने इस परिवार के महिला-पुरुषों को लाठी-डंडों, ईंट-पत्थर से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस प्लॉट को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था।
यह भी पढ़ें- Fact Check: फिजिक्सवाला से फ्री में NEET व CUET कोचिंग का दावा सही, दिल्ली सरकार ने किया MOU
जयपुर पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर सुभाष चंद मदेरणा और नंदकिशोर मीणा समेत जितेंद्र, रामजीलाल, सुरेश जाट, महेंद्र मीणा, नरेंद्र बैरवा, जयसिंह नरूका, चंदन कुमार और यशपाल सिंह को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों की नंगे पैर सरेआम परेड भी करवाई थी।
मुर्शिदाबाद हिंसा 2025 क्या मामला है?
वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 संसद से पास होने के बाद देश में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए। पश्चिम बंगाल के चार जिलों मुर्शिदाबाद, नॉर्थ 24 परगना, हुगली और मालदा जिलों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। मुर्शिदाबाद इलाके के सूती, धुलियान, घोषपाड़ा, बेदबना, शमशेरगंज, जाफराबाद, डिगरी आदि में विरोध प्रदर्शन के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मुर्शिदाबाद हिंसा से प्रभावित होकर सैकड़ों लोग यहां से पद्मा नदी पार करके मालदा व झारखंड के पाकुड़ में शरण ली। फिलहाल मुर्शिदाबाद में शांति बनी हुई है, मगर पश्चिम बंगाल में इस पर सियासत खूब हो रही है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आनंद बोस ने आज 18 अप्रैल 2025 को मुर्शिदाबाद व मालदा के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
यह भी पढ़ें- Fact Check: तहव्वुर राणा पर BJP नेता का बयान SP सांसद डिंपल यादव के नाम से वायरल, जानें फर्जी दावे की हकीकत?

Fact Check
दावा
मुर्शिदाबाद हिंसा में लोगों से मारपीट का दावा करने वाला वीडियो।
नतीजा
वीडियो मुर्शिदाबाद नहीं बल्कि राजस्थान में जमीन विवाद से जुड़ा था। दावा झूठा निकला।












Click it and Unblock the Notifications