Fact Check: अमेरिकी अय्याश Jaffrey Epstein की पार्टी में Zohran Mamdani को लेकर गईं थी मां मीरा नायर?
Fact Check: न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान मामदानी की मां और मशहूर फ़िल्म निर्देशक मीरा नायर का नाम हाल ही में जारी जेफ्री एप्स्टीन से जुड़े दस्तावेज़ों में सामने आया है। अमेरिकी न्याय विभाग (Department Of Justice) ने शुक्रवार को इन फ़ाइलों की आख़िरी खेप जारी कर दी है। इन दस्तावेज़ों में 'मॉनसून वेडिंग' जैसी चर्चित फ़िल्मों के लिए जानी जाने वाली मीरा नायर का ज़िक्र किया गया है।
2009 की एक आफ्टर-पार्टी से जुड़ा है मामला
दस्तावेज़ों के मुताबिक, यह ज़िक्र साल 2009 में ग़िस्लेन मैक्सवेल के घर हुई एक फ़िल्म की आफ्टर-पार्टी से जुड़ा है। एक मैसेज में, जो कथित तौर पर जेफ्री एप्स्टीन को भेजा गया था, वहां मौजूद लोगों की लिस्ट में "निर्देशक मीरा नायर" का नाम शामिल बताया गया है। इसी मैसेज में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस जैसे प्रभावशाली नामों का भी उल्लेख किया गया है।

वायरल फोटो का क्या है राज?
मीरा नायर का नाम सामने आते ही सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने लगीं। इन तस्वीरों में मीरा नायर को उनके बेटे जोहरान मामदानी के साथ एप्स्टीन की कथित पार्टियों में दिखाया गया। हालांकि ये तस्वीरें पूरी तरह झूठी और भ्रामक हैं। क्योंकि जब वनइंडिया ने इन फोटों की तस्दीक करना शुरू किया तो हमारे फैक्ट चेक में ये तस्वीरें AI द्वारा बनाया जाना पाया गया।
वायरल दावे निकले गलत
इन तस्वीरों को झूठा साबित करने वाला एक अहम तथ्य यह है कि जिस समय की यह पार्टी बताई जा रही है, उस वक्त जोहरान मामदानी 18 साल के थे, न कि कोई बच्चा। यानी सोशल मीडिया पर फैल रही तस्वीरों और दावों का वास्तविक घटनाओं से कोई मेल नहीं है।
सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने बढ़ाई चर्चा
इन फर्जी तस्वीरों और पोस्ट्स के बाद जोहरान मामदानी के माता-पिता को लेकर ऑनलाइन बहस तेज़ हो गई। कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स और वेबसाइट्स ने यहां तक दावा किया कि जोहरान मामदानी और जेफ्री एप्स्टीन के चेहरे में समानता है। लेकिन ये सभी दावे बिना किसी सबूत के हैं और पूरी तरह निराधार पाए गए हैं।
जोहरान मामदानी का पारिवारिक बैकग्राउंड
जोहरान मामदानी का जन्म साल 1991 में हुआ था। उनके पिता महमूद मामदानी एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद हैं और उनकी मां मीरा नायर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की फ़िल्म निर्देशक हैं। महमूद मामदानी और मीरा नायर की मुलाकात 1989 में हुई थी और उन्होंने 1991 में शादी की, उसी साल जोहरान का जन्म हुआ।
मीरा नायर की पहली शादी और एपस्टीन से संबंध
मीरा नायर ने महमूद मामदानी से शादी करने से पहले मिच एप्स्टीन से विवाह किया था। इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोगों ने बिना जांच-पड़ताल के जेफ्री एप्स्टीन से संबंध जोड़ने की कोशिश की, जबकि दोनों के बीच कोई रिश्ता नहीं है।
कौन हैं मिच एप्स्टीन?
मिच एप्स्टीन एक जाने-माने अमेरिकी फ़ोटोग्राफ़र और फ़िल्म निर्माता हैं। वे 'Vietnam: A Book of Changes' और 'In India' जैसे मशहूर प्रोजेक्ट्स के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने मीरा नायर की फ़िल्मों 'सलाम बॉम्बे!' और 'मिसिसिपी मसाला' में प्रोडक्शन डिज़ाइन का काम भी किया है।
जेफ्री एप्स्टीन से कोई संबंध नहीं
मिच एप्स्टीन की फ़ोटोग्राफी और आर्ट प्रदर्शनी न्यूयॉर्क के MoMA और लंदन के Tate Modern जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लग चुकी हैं। अहम बात यह है कि केवल उपनाम एक जैसा होने के बावजूद मिच एप्स्टीन का जेफ्री एप्स्टीन से कोई भी पारिवारिक या व्यक्तिगत संबंध नहीं है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications