Fact Check:क्या नीता अंबानी को PM मोदी ने हाथ जोड़कर किया प्रणाम? प्रसार भारती के पूर्व CEO ने शेयर की तस्वीर
Fact Check: क्या नीता अंबानी को PM मोदी ने हाथ जोड़कर किया प्रणाम, प्रसार भारती के पूर्व CEO ने शेयर की तस्वीर
नई दिल्ली, 07 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी के सामने सिर झुकाकर हाथ जोड़कर प्रणाम करते दिख रहे हैं। प्रसार भारती के पूर्व सीईओ और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी जवाहर सरकार ने पीएम नरेंद्र मोदी और नीता अंबानी की ये तस्वीर शेयर की है। हालांकि ये तस्वीर फर्जी और एजिटेड है। प्रसार भारती के पूर्व सीईओ जवाहर सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मॉर्फ्ड तस्वीर साझा करने को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद हो गया है। असल में इस तस्वीर में दिखाई दे रही महिला नीता अंबानी नहीं बल्कि समाजसेविका दीपिका मंडल हैं।

नीता अंबानी और मोदी की फर्जी तस्वीर शेयर कर किया गया ये दावा
प्रसार भारती के पूर्व सीईओ जवाहर सरकार ने पीएम नरेंद्र मोदी और नीता अंबानी की ये फर्जी तस्वीर को शेयर कर लिखा, ''काश साथी सांसदों और राजनीति में अन्य लोगों को भी उनके स्थायी रूप से चिल्लाने वाले प्रधानमंत्री से ऐसा शिष्टाचार और मिलन प्राप्त होता। एक परिपक्व लोकतंत्र में, हम दोतरफा संबंध, एहसान, लेन-देन को जानेंगे। किसी दिन, इतिहास हमें बताएगा।"

जानिए क्या है सच?
जवाहर सरकार के ट्वीट के नीचे कई लोगों ने ये बताया कि ये तस्वीर फर्जी है। ट्विटर यूजर ने कमेंट करके पीएम मोदी और समाजसेविका दीपिका मंडल की असली तस्वीर शेयर की। असली तस्वीर पीएम नरेंद्र मोदी की दीपिका मंडल से मुलाकात की है। दीपिका मंडल दिव्य ज्योति कल्चरल ऑर्गनाइजेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी नाम से एक एनजीओ चलाती हैं। इस तस्वीर को पहले भी इस दावे के साथ शेयर किया जा चुका है कि तस्वीर में दिख रही महिला उद्योगपति गौतम अडानी की पत्नी प्रीति अडानी हैं। इस बार तस्वीर को एडिट कर इसमें नीता अंबानी का चेहरा लगाया गया है।

प्रसार भारती के मौजूदा CEO शशि शेखर ने की आलोचन
जवाहर सरकार के इस ट्वीट की काफी आलोचना हो रही है। प्रसार भारती के मौजूदा सीईओ शशि शेखर ने भी जवाहर सरकार के ट्वीट की आलोचना की है। शशि शेखर ने ट्वीट किया, ''निंदनीय और शर्मनाक है कि इस तरह से एक विकृत तस्वीर प्रसारित की जा रही है। किसी व्यक्ति को पसंद न करना एक बात है। लेकिन यह निंदनीय है कि पब्लिक ब्रॉडकास्टर के एक पूर्व सीईओ और पूर्व संस्कृति सचिव फर्जी और नकली तस्वीरों का प्रचार कर रहे हैं। हम वास्तव में इन कार्यों से शर्मिंदा हैं।''

Fact Check
दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी को हाथ जोड़कर प्रणाम कर रहे हैं।
नतीजा
ये एक फर्जी तस्वीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीता अंबानी को नहीं बल्कि समाजसेविका दीपिका मंडल को हाथ जोड़कर प्रणाम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications