क्या टेक-ऑफ होते ही खिसक गई कैप्टन की सीट? एयर इंडिया विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट की सच्चाई जानें
Air India Plan Crash AAIB Preliminary Report: गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 (बोइंग B-787 ड्रीमलाइनर) उड़ान भरते ही कैसे क्रैश हो गई थी? अहमदाबाद प्लेन हादसा पायलट सुमित सभरवाल की मानवीय चूक थी या कोई तकनीकी खामी? या फिर कोई और वजह?
इस हादसे में 229 पैसेंजर्स, 10 केबिन क्रू मेंबर्स, पायलट व को-पायलट समेत कुल 241 लोगों की जान चली गई थी। AI-171 विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक हो सकती है। लेकिन उससे पहले ही एक सनसनीखेज दावा वायरल हो रहा है कि टेक-ऑफ के तुरंत बाद कैप्टन की सीट खिसकने से हादसा हुआ। हालांकि, फैक्ट चेक में इस दावे की सच्चाई कुछ और ही सामने आई है।

व्हाट्सएप पर वायरल एक संदेश में ''Air India #AI171 Crash: AAIB Preliminary Report'' को लेकर दावा किया जा रहा है कि एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 की दुखद दुर्घटना की जांच में भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी कर दी है। इस रिपोर्ट में एक गंभीर यांत्रिक विफलता और कॉकपिट में घटे घटनाक्रम का विवरण दिया गया है, जिसके कारण 247 लोगों की जान गई।
वायरल दावे के अनुसार, 12 जून 2025 की दोपहर को बोइंग B-787 ड्रीमलाइनर (पंजीकरण VT-ANB) अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए एक लंबी दूरी की उड़ान भर रहा था। लेकिन उड़ान भरने के महज 38 सेकंड बाद ही यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया और अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास मेघाणी नगर में एक आवासीय इमारत पर जा गिरा।
एयर इंडिया हादसे का कथित कारण: रोटेशन के दौरान कैप्टन की सीट खिसकना
दावे में कहा गया है कि विमान के रनवे से ऊपर उठते समय कैप्टन की सीट अचानक पीछे की ओर खिसक गई। यह गति सीट ट्रैक के AFT लॉकिंग मैकेनिज्म की खराबी के कारण हुई। जैसे ही कैप्टन का शरीर पीछे की ओर झुका, उसके वजन से थ्रस्ट लीवर अनजाने में पीछे की ओर खिंच गया, जिससे उड़ान के इस महत्वपूर्ण चरण में इंजन की शक्ति में भारी गिरावट आ गई। प्रथम अधिकारी ने थ्रॉटल को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन यांत्रिक बाधा और शरीर के वजन के कारण लीवर को नियंत्रित नहीं कर सका।

अहमदाबाद हादसे के मलबे की कथित जांच रिपोर्ट
वायरल संदेश के मुताबिक, मलबे की जांच में यह पाया गया कि सीट के लॉकिंग पिन टूट गए थे। विशेष रूप से पार्ट नंबर BACB30LN5S02 में खराबी पाई गई। रखरखाव लॉग के अनुसार, सिर्फ 11 दिन पहले ही सीट की सर्विसिंग "सख्त समायोजन" की शिकायत पर की गई थी। लेकिन जांचकर्ताओं को मरम्मत के बाद कोई प्रामाणिक रखरखाव दस्तावेज नहीं मिला।
उड़ान डेक की समयरेखा (CVR और FDR से)
- 0:12 सेकंड: रोटेशन शुरू हुआ।
- 0:15 सेकंड: सीट खिसकती है, थ्रस्ट लीवर पीछे खींचे जाते हैं।
- 0:18 सेकंड: कैप्टन चिल्लाता है "मेरी सीट!"
- 0:26 सेकंड: विमान 214 फीट AGL पर रुक जाता है।
PIB फैक्ट चेक: रिपोर्ट फर्जी, AAIB ने नहीं जारी की कोई जांच रिपोर्ट
व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे इस संदेश को PIB Fact Check ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। PIB ने स्पष्ट किया कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने AI-171 विमान हादसे की कोई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जारी नहीं की है। यह दावा फर्जी है। लोगों से अपील की गई है कि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें और अफवाहों से बचें।

Fact Check
दावा
एयर इंडिया विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी।
नतीजा
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने AI-171 विमान हादसे की कोई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जारी नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications