Ramayana को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट हुई सख्त, 2000 Cr की फिल्म की पाइरेसी रोकने के लिए उठाए गया ये कदम
Ramayana: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है और अब इसकी रिलीज से पहले एक बड़ी कानूनी खबर सामने आई है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म को कॉपीराइट उल्लंघन और पाइरेसी से बचाने के लिए अहम अंतरिम आदेश जारी किया है। अदालत ने अज्ञात लोगों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को भी फिल्म की बिना अनुमति रिकॉर्डिंग, स्ट्रीमिंग और वितरण करने से रोक दिया है। ये फैसला फिल्म की वैश्विक रिलीज से ठीक पहले आया है। खास बात ये है कि फिल्म के ट्रेलर को पहले ही चोरी-छिपे रिकॉर्ड करके इंटरनेट पर फैलाने की शिकायत की गई थी।
'रामायण' की पाइरेसी रोकने के लिए हाई कोर्ट का बड़ा फैसला
बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' के कॉपीराइट की सुरक्षा के लिए डायनामिक एड-इंटैरिम इंजंक्शन जारी किया है। इस आदेश के तहत कोई भी व्यक्ति या डिजीटल प्लेटफॉर्म फिल्म को बिना अनुमति रिकॉर्ड, अपलोड, होस्ट, स्ट्रीम या वितरित नहीं कर सकेगा।

ट्रेलर चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर किया गया था वायरल
-जस्टिस माधव जामदार ने ये आदेश गॉडपावर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। कंपनी के पास फिल्म के कॉपीराइट और घरेलू व क्षेत्रीय बौद्धिक संपदा अधिकार हैं। याचिका में फिल्म की स्क्रिप्ट, किरदारों, वीडियो फुटेज, गानों और ऑडियो रिकॉर्डिंग को अनधिकृत इस्तेमाल से सुरक्षित रखने की मांग की गई थी।
-सुनवाई के दौरान गॉडपावर मीडिया की ओर से अदालत को बताया गया है कि फिल्म के दोनों ट्रेलर को लेकर पहले ही कॉपीराइट उल्लंघन की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कंपनी के मुताबिक फिल्म की प्रीव्यू स्क्रीनिंग केवल आमंत्रित मेहमानों के लिए आयोजित की गई थी। इस दौरान सभी लोगों को गोपनीयता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई थी।
-इसके बावजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर स्क्रीनिंग के दौरान ट्रेलर को चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे अलग-अलग डिजीटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। कंपनी ने अदालत में आशंका जताई कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो फिल्म की रिलीज से पहले या उसके बाद भी इसके सीन और दूसरे कंटेंट को अवैध तरीके से इंटरनेट पर फैलाया जा सकता है।
4000 करोड़ रुपये का बताया गया फिल्म का बजट
-अदालत में सुनवाई के दौरान फिल्म के बड़े बजट का भी जिक्र हुआ। गॉडपावर मीडिया की ओर से बताया गया कि फिल्म 'रामायण' के पहले भाग को करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। वहीं इसके दोनों हिस्सों का कुल बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया गया।
-इतने बड़े स्तर पर तैयार की जा रही इस फिल्म के लिए पाइरेसी एक बड़ा आर्थिक नुकसान साबित हो सकती है। इसी आशंका को देखते हुए प्रोडक्शन से जुड़े पक्ष ने अदालत से व्यापक सुरक्षा की मांग की थी। जस्टिस माधव जामदार ने भी माना कि फिल्म के कुछ हिस्सों को रिकॉर्ड करके अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड और प्रसारित किए जाने की वास्तविक आशंका मौजूद है। ऐसे में कॉपीराइट की सुरक्षा के लिए अंतरिम आदेश जरूरी है।
क्या होता है डायनामिक इंजंक्शन और जॉन डो आदेश?
-इस मामले में अदालत ने जॉन डो यानी अज्ञात लोगों के खिलाफ भी आदेश जारी किया है। इसका मतलब है कि जिन लोगों की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है, वो भी इस आदेश के दायरे में आएंगे। अगर कोई व्यक्ति फिल्म की अवैध रिकॉर्डिंग या ऑनलाइन वितरण में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
-डायनामिक इंजंक्शन की खासियत ये है कि कॉपीराइट का उल्लंघन करने वाली नई वेबसाइटों, लिंक और मिरर वेबसाइटों के सामने आने पर भी उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई की जा सकती है। इसके लिए हर बार नए मुकदमे की जरूरत नहीं पड़ती।
-अदालत ने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी निर्देश दिया है कि उन्हें फिल्म के अनधिकृत कंटेंट से जुड़े लिंक की लिखित सूचना मिलने पर उसे ब्लॉक करना होगा या हटाने की कार्रवाई करनी होगी।
गूगल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने भी दिया भरोसा
-सुनवाई के दौरान गूगल LLC और वैश्विक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की ओर से पेश वकीलों ने अदालत के आदेश पर कोई आपत्ति नहीं जताई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिल्म के कॉपीराइट का उल्लंघन करने वाले लिंक की जानकारी मिलने पर संबंधित प्लेटफॉर्म्स तुरंत जरूरी कार्रवाई करेंगे।
-अदालत ने गॉडपावर मीडिया को भी निर्देश दिया है कि वह फिल्म की अनधिकृत प्रतियों वाले URL संबंधित इंटरनेट सेवा प्रदाताओं और डिजीटल प्लेटफॉर्म्स के साथ शेयर करे। इसके बाद संबंधित कंपनियों को ऐसे कंटेंट की पहुंच रोकने, लिंक निष्क्रिय करने या उसे हटाने के लिए कदम उठाने होंगे। इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है।
5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी 'रामायण'
-नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
-इसके अलावा फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय और कई दूसरे बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। मेकर्स इस पौराणिक महागाथा को बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में हैं।
-फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त चर्चा है। ऐसे में बॉम्बे हाई कोर्ट का यह आदेश मेकर्स के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद फिल्म की पाइरेसी रोकने के लिए डिजीटल प्लेटफॉर्म्स और संबंधित एजेंसियां कितनी प्रभावी कार्रवाई कर पाती हैं।


Click it and Unblock the Notifications
