Na Jane Kaun Aa Gaya Movie Review: लव इज नॉट जस्ट रिलेशनशिप, मॉडर्न लाइफ और मोहब्बत पर ‘ना जाने कौन आ गया’
Na Jane Kaun Aa Gaya Movie Review in Hindi: आज के दौर में रिश्ते पहले जैसे सरल नहीं रहे। साथ होते हुए भी दूरियाँ हैं, बातचीत होती है पर समझ कम है। इसी जटिल और इमोशनल सच को बेहद संवेदनशील अंदाज़ में पेश करती है 'ना जाने कौन आ गया'। यह केवल एक इमोशनल लव स्टोरी नहीं, बल्कि रिश्तों की सच्चाई, समय की कमी और आत्म-खोज की पोएटिक जर्नी है। फिल्म बताती है कि प्यार सिर्फ एक रिलेशनशिप स्टेटस नहीं, बल्कि एक निरंतर समझ और समर्पण की प्रक्रिया है।

फिल्म की शुरुआत जतिन सरना और मधुरिमा रॉय की कोमल और सच्ची प्रेम कहानी से होती है। दोनों के बीच की केमिस्ट्री सहज, स्वाभाविक और दिल को छू लेने वाली है। उनके साथ बिताए पल किसी कविता की पंक्तियों जैसे लगते हैं। लेकिन कहानी में हलचल तब आती है जब प्रणय पचौरी के किरदार की एंट्री होती है। उनका आगमन इस प्रेम कथा को एक जटिल लव ट्राएंगल में बदल देता है। मधुरिमा रॉय के साथ उनके भावनात्मक दृश्य रिश्तों के भीतर चल रहे द्वंद्व और अनकहे सवालों को उजागर करते हैं। फिल्म मोहब्बत, तकरार, अधूरेपन और खुद को खोजने के संघर्ष को बेहद प्रभावी और भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करती है।
कैसी है एक्टिंग
अब तक नकारात्मक भूमिकाओं से पहचान बना चुके जतिन सरना इस फिल्म में एक इंटेंस और भावनात्मक किरदार में नजर आते हैं। उनके अभिनय में गहराई है। उनका किरदार गहरी मोहब्बत करता है, लेकिन भीतर से टूटा हुआ और उलझा हुआ है। उसे लगता है कि उसके साथ अन्याय हुआ, फिर भी वह अपने हिस्से की गलतियों को स्वीकारने का साहस रखता है। चेहरे के भाव, ठहराव और संवाद अदायगी के माध्यम से वह किरदार की बदलती परतों को प्रभावशाली ढंग से जीवंत करते हैं।
प्रणय पचौरी का किरदार एक मॉडर्न लवर का है-आत्मविश्वासी, थोड़ा दार्शनिक और भावनात्मक रूप से स्पष्ट। उनका अभिनय स्वाभाविक और संतुलित है। जतिन सरना और प्रणय पचौरी के बीच टकराव वाले दृश्य फिल्म की इंटेंसिटी को बढ़ाते हैं और कहानी को नई ऊँचाई देते हैं।
मधुरिमा रॉय सिल्वर स्क्रीन पर बेहद आकर्षक और प्रभावशाली नजर आती हैं। उन्होंने एक ऐसी स्त्री का किरदार निभाया है जो प्यार भी चाहती है और अपनी पहचान भी। उनके चेहरे की भावनाएं, उनकी चुप्पी और संवाद-सब मिलकर किरदार की जटिलता को खूबसूरती से उभारते हैं। फिल्म के तीनों मुख्य कलाकारों ने मिलकर एक नाजुक कहानी को भावनाओं के रंगों से सजीव बना दिया है।
फिल्म का डायेरक्शन
डेब्यू निर्देशक विकास अरोड़ा ने एक संवेदनशील विषय को बड़ी सादगी और परिपक्वता के साथ प्रस्तुत किया है। कहानी धीरे-धीरे आगे बढ़ती है, जैसे किसी रिश्ते की परतें समय के साथ खुलती हैं। फिल्म का मूल विचार यही है कि प्यार किसी एक रिश्ते पर आकर खत्म नहीं होता, वह समझ, धैर्य और संवाद की मांग करता है। फिल्म की नॉन-लीनियर एडिटिंग कहानी को रोचक बनाए रखती है। संवाद गहरे और अर्थपूर्ण हैं, जो इस उलझी हुई प्रेम कहानी की संवेदनशीलता को सशक्त ढंग से व्यक्त करते हैं। उत्तराखंड की वादियों में फिल्माए गए दृश्य फिल्म को काव्यात्मक सौंदर्य प्रदान करते हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियां, शांत झीलें और धुंध से भरे रास्ते मानो किरदारों की भावनाओं का विस्तार बन जाते हैं। प्रकृति यहां सिर्फ पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि कहानी का एक जीवंत हिस्सा है।
फिल्म का म्यूजिक आत्मा है। रेखा भारद्वाज की आवाज़ में टाइटल ट्रैक बेहद मधुर और प्रभावशाली है। 'मैं नहीं जानता' गीत टूटे हुए दिल की पीड़ा को सादगी से व्यक्त करता है और कहानी में सहजता से घुल जाता है। अन्य गीत भी कथा को आगे बढ़ाने में सहायक हैं।
यह फिल्म रिश्तों के उस नाजुक पक्ष को सामने लाती है, जहाँ सोशल मीडिया और डिजिटल भागदौड़ के बीच प्यार कहीं खो सा जाता है। यह आज के युवाओं और कपल्स से एक सीधा सवाल करती है-क्या प्यार सिर्फ साथ रहने का नाम है, या एक-दूसरे को समझने और समय देने का भी?
'ना जाने कौन आ गया' में बड़े सरप्राइज या चौंकाने वाले मोड़ भले ही कम हों, लेकिन इसकी सादगी, इंटेंस संवाद और दिल को छू लेने वाला संगीत इसे खास बनाते हैं। उत्तराखंड की लोकेशंस फिल्म को किसी खूबसूरत पेंटिंग की तरह सजा देती हैं। आख़िरकार, यह फिल्म एक एहसास छोड़ जाती है- लव इज़ नॉट जस्ट रिलेशनशिप, यह समझ, वक्त और संवाद की कहानी है जो आजकल कम होती जा रही है।
Film Review: Na Jaane Kaun Aa Gaya
Cast: Jatin Sarna, Madhurima Roy and Pranay Pachauri
Director: Vikas Arora
Writer : Amal Singh and Vikas Arora Producers: Pooja Arora, Vipul Dhawan | Co-Producer: Reet Arora
Release Date: 6 March 2016
Rating: 3.5 Stars












Click it and Unblock the Notifications