बिहार के IPS ऑफिसर बने दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, कौन हैं DU से पढ़े SBK सिंह?
SBK Singh Delhi Police Commissioner: दिल्ली पुलिस को नया मुखिया मिल गया है। IPS शशि भूषण कुमार सिंह यानी एसबीके सिंह अब देश की राजधानी की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। अपने तीन दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने न केवल दिल्ली बल्कि अरुणाचल प्रदेश, पुदुचेरी और मिजोरम जैसे राज्यों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।
सेंट स्टीफंस कॉलेज से फिजिक्स में BSc करने वाले सिंह कॉलेज के दिनों से ही नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते रहे हैं। UPSC परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने IPS के रूप में सेवा शुरू की और धीरे-धीरे कई अहम पदों तक पहुंचे। अब संजय अरोड़ा के रिटायरमेंट के बाद उन्हें दिल्ली पुलिस कमिश्नर की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बिहार से ताल्लुक रखने वाले एसबीके सिंह 1988 बैच के AGMUT कैडर (Arunachal Pradesh-Goa-Mizoram and Union Territories Cadre) के अधिकारी हैं। वह मौजूदा पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा की जगह लेंगे, जो गुरुवार, 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त हो गए।
ये भी पढ़ें: लाखों की नौकरी छोड़ चुनी UPSC की राह, पढ़िए CM योगी के गृह जिले गोरखपुर के नए DM IAS दीपक मीणा की कहानी
शशि भूषण कुमार सिंह की शुरुआती जिंदगी और पढ़ाई
एसबीके सिंह का जन्म 4 जनवरी 1966 को हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के मशहूर सेंट स्टीफंस कॉलेज से 1983 से 1986 तक भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) में बीएससी (ऑनर्स) की पढ़ाई की। कॉलेज के दिनों में वह प्लानिंग फोरम के प्रेसिडेंट भी रहे। पढ़ाई के बाद उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विसेज परीक्षा पास की और 25 अगस्त 1988 को IPS बने। इसके बाद उन्होंने एमबीए (HR) की डिग्री भी हासिल की।
करियर की शुरुआत और अहम पद
एसबीके सिंह ने 1990 में दिल्ली पुलिस जॉइन की। दिसंबर 1990 से जून 1991 तक उन्होंने सेंट्रल दिल्ली हेडक्वार्टर में एसीपी के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद जून 1991 से सितंबर 1992 तक वह करोल बाग में एसीपी रहे। अक्टूबर 1992 से अगस्त 1994 तक उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खोंसा जिले में एसपी के तौर पर काम किया और बाद में टेलीकॉम और ट्रांसपोर्ट के एसपी बने।
दिल्ली पुलिस और अन्य जिम्मेदारियां
दिल्ली लौटने के बाद एसबीके सिंह साउथ दिल्ली के एडिशनल डीसीपी बने। उन्होंने नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी के पद पर भी काम किया। इसके अलावा, केंद्र सरकार के कैबिनेट सचिवालय में डिप्टी सेक्रेटरी और डायरेक्टर के रूप में सेवाएं दीं। वह आर्थिक अपराध शाखा (EOW), पुदुचेरी में DIG और अरुणाचल प्रदेश में IG के पद पर भी रहे।
पुलिस महानिदेशक से दिल्ली पुलिस कमिश्नर तक
एसबीके सिंह मिजोरम के डीजीपी भी रह चुके हैं। फरवरी 2022 से जून 2022 तक उन्होंने दिल्ली पुलिस में विशेष कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाला। इसके बाद जून 2022 से अब तक वह होम गार्ड्स के डीजी के पद पर थे। अब उन्हें दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
ये भी पढ़ें: SDM Viral Video: वकीलों के सामने IAS रिंकू सिंह राही ने लगाई उठक-बैठक, 36 घंटे में आ गया ट्रांसफर का आदेश












Click it and Unblock the Notifications