SDM Viral Video: वकीलों के सामने IAS रिंकू सिंह राही ने लगाई उठक-बैठक, 36 घंटे में आ गया ट्रांसफर का आदेश
SDM Viral Video: शाहजहांपुर के पुवायां तहसील में नियुक्त एसडीएम रिंकू सिंह राही को चार्ज संभालने के 36 घंटे के भीतर ही हटा दिया गया। यह फैसला तब लिया गया जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ जिसमें वे वकीलों के सामने उठक-बैठक लगाते दिखे।
मंगलवार को तहसील परिसर में निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कुछ लोगों को खुले में पेशाब करते देखा। मौके पर ही उन्हें अनुशासन सिखाने के लिए उठक-बैठक लगाने का निर्देश दिया गया। स्थानीय अधिवक्ताओं का आरोप है कि इसी में उनका एक मुंशी भी शामिल था।

विरोध में वकील धरने पर बैठ गए और कार्रवाई को अपमानजनक बताया। जब मामला बढ़ा तो एसडीएम खुद मौके पर पहुंचे और सफाई दी कि उनके लिए सभी बराबर हैं, चाहे वह आम व्यक्ति हो या किसी पेशे से जुड़ा। लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी।
अधिवक्ताओं के सामने खुद लगाने लगे उठक-बैठक
एसडीएम ने माहौल शांत करने के लिए खुद कान पकड़कर उठक-बैठक करना शुरू कर दिया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि जब आम लोग अनुशासनहीनता के लिए दंडित होते हैं तो अधिकारी को भी पीछे नहीं हटना चाहिए।
इस पूरे मामले को कुछ वकीलों और मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वीडियो देखने वाले भी हैरान नजर आए।
बताया जा रहा वायरल वीडियो बना ट्रांसफर की वजह
वीडियो सामने आने के बाद बुधवार शाम को रिंकू सिंह का स्थानांतरण कर दिया गया। वह सोमवार रात ही पुवायां पहुंचे थे और बुधवार शाम तक उनका चार्ज बदल दिया गया। उन्हें राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया गया है।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप ने स्थानांतरण की पुष्टि की हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कार्रवाई वीडियो वायरल होने के कारण की गई या अन्य प्रशासनिक कारणों से। इस मुद्दे पर प्रशासन की ओर से भी कोई विस्तृत बयान नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने एसडीएम की संवेदनशीलता की तारीफ की तो कई ने तंज कसा कि क्या अब अधिकारी वकीलों के दबाव में उठक-बैठक लगाएंगे?
चर्चा है कि पदभार ग्रहण करते ही रिंकू सिंह ने पुवायां में स्वच्छता और अनुशासन को लेकर सक्रियता दिखाई। लेकिन तहसील परिसर में खुले में पेशाब करने वालों को दंडित करना उनके लिए उल्टा पड़ गया।












Click it and Unblock the Notifications