दिल्ली के इन सरकारी टीचर्स को बड़ी राहत! जल्द ही बढ़ेगी सैलरी, 36 करोड़ का बजट हुआ पास
Tenure of 410 Part-Time Vocational Teachers Extended: दिल्ली के स्कूली छात्रों को स्किल आधारित शिक्षा देने वाले शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। राजधानी के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ा रहे 410 पार्टटाइम वोकेशनल टीचर्स अब मार्च 2026 तक अपनी सेवाएं दे सकेंगे। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने न सिर्फ इन शिक्षकों के कार्यकाल को एक साल और बढ़ाने को मंजूरी दी है, बल्कि उनके वेतन में भी बढ़ोतरी कर दी है।
यह फैसला ऐसे वक्त पर लिया गया है जब दिल्ली में नए शिक्षकों की भर्ती रुकी हुई है और कई अनुभवी शिक्षक रिटायर हो रहे हैं। इस फैसले से छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा की निरंतरता मिलेगी और स्किल बेस्ड लर्निंग को भी मजबूती मिलेगी। शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर मंजूरी के साथ 36 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया है। यह कदम न केवल शिक्षकों को राहत देगा, बल्कि छात्रों के भविष्य को भी नई दिशा देगा।

छात्रों की पढ़ाई में नहीं आएगी रुकावट
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने राजधानी के स्कूलों में पढ़ा रहे 410 पार्टटाइम वोकेशनल टीचर्स (PTVTs) को बड़ी राहत दी है। एलजी ने इन शिक्षकों के कार्यकाल को 31 मार्च 2026 तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। साथ ही, उनके वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने इस फैसले के लिए करीब 36 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है।
ये भी पढ़ें: Earthquake Delhi: दिल्ली में क्यों बार-बार आते हैं भूकंप? दिल्लीवासियों के लिए कितना है खतरा?
किन्हें मिलेगा फायदा?
इस फैसले से दिल्ली सरकार और सहायता प्राप्त स्कूलों में काम कर रहे वोकेशनल टीचर्स को सीधा फायदा मिलेगा। छात्रों को स्किल आधारित शिक्षा पहले की तरह मिलती रहेगी। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव भेजा था, जिसमें 410 में से 402 योग्य और 8 गैर-योग्य शिक्षक शामिल थे। एलजी ने इस पूरे प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
कुछ खास शिक्षकों का कॉन्ट्रैक्ट अलग से बढ़ा
हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म विषय पढ़ा रहे दो शिक्षकों के कॉन्ट्रैक्ट को 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक के लिए अलग से बढ़ाया गया है। इसके अलावा चार सहायता प्राप्त वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में पढ़ा रहे 9 और वोकेशनल शिक्षकों को भी अगले शैक्षणिक सत्र 2025-26 तक बनाए रखा जाएगा।
कब से शुरू हुई थी पार्टटाइम शिक्षकों की व्यवस्था?
दिल्ली में पार्टटाइम वोकेशनल टीचर्स की शुरुआत 1970 के दशक के अंत में हुई थी। शुरुआत में इन्हें कॉन्ट्रैक्ट या अस्थायी तौर पर रखा जाता था। इनका मकसद स्कूली छात्रों को व्यवसायिक शिक्षा देना है, जिससे वे पढ़ाई के साथ-साथ करियर से जुड़ी अहम स्किल्स भी सीख सकें।
कितने शिक्षक अभी कार्यरत हैं?
फिलहाल दिल्ली सरकार के स्कूलों में 505 वोकेशनल टीचर्स काम कर रहे हैं। इनमें से 410 शिक्षक कॉन्ट्रैक्ट पर हैं और 95 शिक्षक अस्थायी पदों पर काम कर रहे हैं। हर साल इनके कॉन्ट्रैक्ट को बढ़ाया जाता है या नया कॉन्ट्रैक्ट बनाया जाता है।
सरकार की क्या है मंशा?
दिल्ली में नए शिक्षकों की भर्ती लंबे समय से नहीं हुई है। दूसरी ओर, कई शिक्षक रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में स्किल आधारित शिक्षा में रुकावट न आए, इसके लिए मौजूदा शिक्षकों को बनाए रखना जरूरी हो गया है। सरकार का यह फैसला छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा देने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Job In UP: DDU University के छात्रों ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, इस कंपनी में हुआ चयन, ऐसे मिली कामयाबी












Click it and Unblock the Notifications