तहव्वुर राणा को गिरफ्तार करने वाली NIA में कैसे मिलती है नौकरी? चेक करें योग्यता से लेकर सैलरी तक की डिटेल्स
NIA Jobs: मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले को कोई नहीं भूल सकता। इस हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया था। अब उसी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से भारत लाकर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 18 दिन की NIA कस्टडी में भेज दिया गया है। इस बड़ी कामयाबी के साथ ही लोगों के मन में एक सवाल फिर से उभर कर आया है-आखिर NIA क्या है और इसमें अफसर कैसे बनते हैं?
NIA यानी नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी भारत की सबसे खास और ताकतवर जांच एजेंसी मानी जाती है। यह आतंकवाद से जुड़े मामलों की गहराई से जांच करती है और देश की सुरक्षा से जुड़ी अहम जिम्मेदारियों को संभालती है। ऐसे में यहां काम करना न सिर्फ एक सम्मान की बात होती है बल्कि चुनौतीपूर्ण भी होता है।

बहुत से युवाओं का सपना होता है कि वो NIA में अफसर बनें, लेकिन उन्हें यह ठीक से पता नहीं होता कि इसके लिए क्या करना होता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं-NIA में अफसर बनने का रास्ता क्या है, कौन-कौन से एग्जाम देने होते हैं, और कितनी सैलरी मिलती है...
ये भी पढ़ें: मुंबई हमले के मास्टर माइंड Tahawwur Rana के प्रत्यर्पण को बनाया संभव, क्या है उन 3 ऑफिसर की क्वालिफिकेशन?
क्या है NIA और इसका काम?
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA, भारत सरकार की एक प्रमुख जांच एजेंसी है जिसकी स्थापना साल 2009 में 26/11 हमले के बाद की गई थी। यह एजेंसी आतंकवाद, मानव तस्करी, ड्रग्स, नकली करेंसी और संगठित अपराध जैसे मामलों की जांच करती है। NIA के पास पूरे देश में कहीं भी छापा मारने और गिरफ्तारी करने का अधिकार होता है।
NIA में अफसर बनने के मुख्य रास्ते
SSC CGL परीक्षा के जरिए
अगर आप SSC CGL (Combined Graduate Level) परीक्षा पास करते हैं, तो आप NIA में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर नियुक्त हो सकते हैं। यह परीक्षा चार चरणों-Tier 1, 2, 3 और 4 में होती है। इसके बाद फिजिकल टेस्ट और इंटरव्यू भी होता है। सब कुछ पास करने के बाद ट्रेनिंग दी जाती है और फिर नियुक्ति होती है।
UPSC परीक्षा के जरिए
UPSC परीक्षा पास करके आप IPS, IRS या अन्य सिविल सेवाओं में चुने जाते हैं। इसके बाद आपको NIA में ASP, SP, DIG, IG जैसे उच्च पदों पर नियुक्त किया जा सकता है। यह रास्ता सीनियर पदों के लिए होता है।
अन्य विकल्प: ट्रांसफर या डेपुटेशन से शामिल होना
अगर आप पहले से किसी पुलिस विभाग या अन्य लॉ इनफोर्समेंट एजेंसी में कार्यरत हैं, तो ट्रांसफर या डेपुटेशन के जरिए भी NIA में शामिल हो सकते हैं।
सैलरी कितनी मिलती है?
NIA में सैलरी पद के अनुसार अलग-अलग होती है:
- सब-इंस्पेक्टर की शुरुआती सैलरी लगभग ₹56,100 प्रति माह होती है, साथ में अन्य भत्ते मिलते हैं।
- सीनियर अफसरों की सैलरी ₹1 लाख से भी ज्यादा हो सकती है।
काम की प्रकृति और जिम्मेदारियां
NIA में काम करना आसान नहीं होता। यहां के अफसरों को आतंकी गतिविधियों, संगठित अपराध और देशविरोधी ताकतों से जुड़ी गहन जांच करनी होती है। यह एक बहुत ही जिम्मेदार और साहसिक काम होता है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं, क्या करते हैं और कहां रहते हैं तहव्वुर राणा के बीवी-बच्चे? परिवार से लेकर बैकग्राउंड तक, जानें सबकुछ












Click it and Unblock the Notifications