BTSC Vacancy: बिहार BTSC ने 11,389 स्टाफ नर्स पदों पर निकाली बंपर भर्ती, जानें कैसे करना है अप्लाई
Bihar BTSC Vacancy 2025: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार खबर है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने राज्यभर के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ नर्स के 11,389 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के मकसद से निकाली गई इस बंपर वैकेंसी के जरिए हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का मौका मिलेगा। आवेदन प्रक्रिया 25 अप्रैल 2025 से शुरू हो गई है और इच्छुक उम्मीदवार 23 मई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

शैक्षणिक योग्यता और जरूरी पात्रता
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास नर्सिंग में बीएससी (B.Sc Nursing) या जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) का डिप्लोमा होना जरूरी है। साथ ही, आवेदक का राज्य नर्सिंग परिषद में पंजीकरण होना अनिवार्य है। खास बात यह है कि इन पदों के लिए किसी तरह का अनुभव अनिवार्य नहीं है, जिससे नए नर्सिंग ग्रेजुएट्स के लिए भी यह सुनहरा अवसर बन गया है।
ये भी पढ़ें: MP News: रिटायर्ड चिकित्सकों को फिर से मिलेगी नौकरी, एयर एंबुलेंस की सेवा में होगा विस्तार
आयु सीमा और छूट की सुविधा
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु में छूट दी जाएगी। इससे बड़ी संख्या में आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को भी फायदा मिलेगा।
चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट आधारित
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, जिसमें कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जिन उम्मीदवारों के पास अनुभव होगा, उन्हें अतिरिक्त अंकों का लाभ दिया जाएगा। अंतिम चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
आवेदन शुल्क सामान्य, बीसी, ईबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए ₹600 रखा गया है। वहीं बिहार राज्य के एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों को ₹150 शुल्क देना होगा। अन्य राज्यों के सभी आवेदकों को ₹600 का शुल्क देना होगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से बिहार तकनीकी सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in पर किया जा सकता है।
जल्दी करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: बिहार और कर्नाटक ने पाकिस्तानी नागरिकों के निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की












Click it and Unblock the Notifications