Pahalgam Terror Attack: बिहार और कर्नाटक ने पाकिस्तानी नागरिकों के निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की
Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश से बाहर निकालने का आदेश दिया है। केंद्र की सलाह के बाद बिहार और कर्नाटक ने पाक नागरिकों को निर्वासित करना शुरू कर दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि भी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की जाए और उन्हें शीघ्र निर्वासित किया जाए। इस आदेश के बाद बिहार और कर्नाटक जैसे राज्यों ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है और अपने-अपने राज्यों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को चिन्हित कर उनके निर्वासन की प्रक्रिया में जुट गए हैं।

राजनीति तभी होगी जब देश बचेगा: सम्राट चौधरी
इंडिया टुडे के मुताबिक बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य सरकार बिहार में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालेगी। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। बिहार में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें वापस भेजा जाएगा। किसी भी स्थिति में उन्हें भारत में नहीं रहने दिया जाएगा।" इस बातचीत के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि "देश के लिए सभी को एकजुट रहना चाहिए। राजनीति तभी होगी जब देश बचेगा।"
कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने भी राज्य में पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "गृह मंत्रालय ने कल एक सलाह जारी की है, जिसमें कुछ विशेष श्रेणियों को छोड़कर सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से निर्वासित करने का निर्देश दिया गया है।"
केंद्र ने पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ने का आदेश दिया है
बता दे कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सभी मुख्यमंत्रियों को अपने-अपने राज्यों में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की तुरंत पहचान करने और उन्हें वापस भेजने का निर्देश दिया। एक उच्च स्तरीय बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तानी नागरिकों के निर्वासन की प्रक्रिया में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, नरेंद्र मोदी सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ने का आदेश दिया है। हालांकि, मेडिकल वीजा पर रह रहे नागरिकों को दो दिन की अतिरिक्त समय दिया गया है। ऐसे लोगों को 29 अप्रैल तक देश छोड़ना होगा।
भारतीय नागरिकों को भी पाकिस्तान की यात्रा न करने की सलाह दी गई है
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा, "पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा पर कैबिनेट समिति के फैसलों के तहत, भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सभी वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।" इसके साथ ही भारतीय नागरिकों को भी पाकिस्तान की यात्रा न करने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications