Surya Grahan 2026: कब लगेगा साल का दूसरा सूर्य ग्रहण? जानिए समय, सूतक काल और क्या करें-क्या न करें

Surya Grahan 2026: साल 2026 का दूसरा सूर्य ग्रहण आज, 12 अगस्त की रात लगने जा रहा है। विज्ञान के नजरिए से यह एक खास खगोलीय घटना है, जबकि ज्योतिष में सूर्य ग्रहण को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। ज्योतिष में सूर्य को आत्मा, ऊर्जा, आत्मविश्वास, नेतृत्व और सत्ता का प्रतीक माना गया है। इसलिए सूर्य ग्रहण का असर राजनीति, प्रशासन और सार्वजनिक जीवन से जुड़े मामलों पर भी देखा जाता है।

इस बार ग्रहण कर्क राशि और शतभिषा नक्षत्र में लगने की बात कही जा रही है। खास बात यह है कि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। ऐसे में यहां इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। आइए जानते हैं ग्रहण किस समय शुरू होगा, कब खत्म होगा और ज्योतिष के अनुसार इसका क्या असर माना जा रहा है।

Solar Eclipse 2026 Surya Grahan

कितने बजे लगेगा सूर्य ग्रहण?

भारतीय समय के अनुसार सूर्य ग्रहण 12 अगस्त की रात 9 बजकर 4 मिनट पर शुरू होगा। इसका मध्य समय रात 11 बजकर 16 मिनट रहेगा और ग्रहण 13 अगस्त की रात 1 बजकर 27 मिनट पर खत्म होगा। इसकी कुल अवधि करीब 4 घंटे 24 मिनट रहेगी। ग्रहण के दौरान रात करीब 10 बजकर 29 मिनट पर चंद्रमा सूर्य के लगभग 90 फीसदी हिस्से को ढक लेगा। हालांकि, भारत में यह नजारा दिखाई नहीं देगा।

ये भी पढ़ें: Surya Grahan: भारत में क्यों नहीं दिखाई देगा सूर्य ग्रहण? जानें क्या है वजह, कहां दिखेगा अद्भुत नजारा

भारत में सूतक मान्य नहीं

यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण का सूतक उसी जगह माना जाता है, जहां ग्रहण दिखाई देता है। इसलिए भारत में इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। मंदिरों के कपाट बंद नहीं होंगे और पूजा-पाठ व खान-पान सामान्य रूप से जारी रहेगा। गर्भवती महिलाओं को भी इसे लेकर किसी खास चिंता की जरूरत नहीं है।

यह सूर्य ग्रहण दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, जाम्बिया, तंजानिया, मॉरिशस और अंटार्कटिका के अलावा दक्षिण अमेरिका के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा। अर्जेंटीना और चिली भी इसके दृश्य क्षेत्रों में शामिल हैं।

ज्योतिष में क्यों खास है?

ज्योतिष के अनुसार इस बार ग्रहण कर्क राशि और शतभिषा नक्षत्र में लग रहा है। कर्क जल तत्व की राशि है। इसलिए कुछ ज्योतिषीय आकलनों में पानी से जुड़ी प्राकृतिक घटनाओं, भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थितियों को लेकर चर्चा की जा रही है। कुछ जगहों पर प्राकृतिक आपदा और भूकंप जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इन बातों का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।

सूर्य को सत्ता और नेतृत्व का कारक माना जाता है। ऐसे में ज्योतिषियों के अनुसार ग्रहण का असर राजनीति और प्रशासन के क्षेत्र में भी देखने को मिल सकता है। सत्ता से जुड़े लोगों के लिए समय चुनौतीपूर्ण रहने और राजनीतिक मतभेद बढ़ने की बातें कही जा रही हैं। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, ओडिशा और बंगाल जैसे तटीय क्षेत्रों को लेकर भी हलचल की संभावना जताई गई है।

गुरु और शनि का प्रभाव

ग्रहण के समय बृहस्पति कर्क राशि में उदय और शनि मीन राशि में वक्री बताए जा रहे हैं। ज्योतिष में गुरु को शुभता और विस्तार, जबकि शनि को अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी से जोड़ा जाता है। इसलिए ग्रहण के साथ इन दोनों ग्रहों की स्थिति को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ग्रहण के दौरान क्या करें, क्या ना करें?

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार ग्रहण के समय ध्यान और मंत्र जाप किया जा सकता है। 'ॐ घृणि सूर्याय नमः', 'ॐ सूर्याय नमः' या गायत्री मंत्र का जाप किया जा सकता है। अपनी आस्था के अनुसार इष्ट देव या गुरु मंत्र का जाप भी किया जा सकता है।

खान-पान छोड़ना जरूरी नहीं है। इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। बच्चे, बुजुर्ग और मरीज अपनी जरूरत के अनुसार खाना और पानी लेते रहें।

जहां ग्रहण दिखाई दे रहा हो, वहां सूर्य को सीधे आंखों से नहीं देखना चाहिए। इसके लिए प्रमाणित सोलर व्यूइंग ग्लास या उचित सोलर फिल्टर का इस्तेमाल करना जरूरी है। भारत में ग्रहण दिखाई नहीं देने के कारण यहां यह सावधानी लागू नहीं होगी।

ग्रहण को लेकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और चमत्कारी दावों पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। ज्योतिषीय उपायों को आस्था के तौर पर ही लेना बेहतर है।

ये भी पढ़ें: Surya Grahan 2026: सदी का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण कब? दिन में हो जाएगी रात, क्या भारत में नजर आएगा?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+