Surya Grahan: भारत में क्यों नहीं दिखाई देगा सूर्य ग्रहण? जानें क्या है वजह, कहां दिखेगा अद्भुत नजारा
Surya Grahan: साल 2026 का दूसरा सूर्य ग्रहण आज यानी 12 अगस्त को लगने जा रहा है। इस बार आसमान में पूर्ण सूर्य ग्रहण का शानदार नजारा देखने को मिलेगा। चंद्रमा कुछ समय के लिए सूर्य को पूरी तरह ढक लेगा और कई जगहों पर दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन जाएगा। लेकिन भारत में रहने वाले लोग इस खगोलीय घटना को अपनी आंखों से नहीं देख पाएंगे।
अब सवाल है कि जब सूर्य और चंद्रमा तो पूरी दुनिया के लिए वही हैं, फिर भारत में ग्रहण क्यों नहीं दिखेगा? आइए आसान भाषा में समझते हैं।

भारत में ग्रहण क्यों नहीं दिखेगा?
दरअसल, सूर्य ग्रहण पूरी दुनिया में एक साथ दिखाई नहीं देता। जब चंद्रमा सूर्य के सामने आता है तो उसकी छाया पृथ्वी के कुछ खास हिस्सों पर पड़ती है। जहां यह छाया पहुंचती है, वहीं से सूर्य ग्रहण दिखाई देता है। इस बार चंद्रमा की छाया का रास्ता भारत से काफी दूर है। इसलिए भारत में रहने वाले लोगों को आसमान में सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देगा।
ये भी पढे़ं: Chandra Grahan 2026 : 'कभी मामू कभी जानू', क्यों लगता है चांद को ग्रहण? कुछ रोचक तथ्य
चंद्रमा की छाया ही तय करती है कहां दिखेगा ग्रहण
इसे ऐसे समझिए कि सूर्य की रोशनी में चंद्रमा बीच में आ गया और उसकी छाया पृथ्वी पर पड़ गई। पृथ्वी के जिस हिस्से पर यह छाया पड़ती है, वहां ग्रहण दिखाई देता है। छाया का सबसे गहरा हिस्सा जहां पहुंचता है, वहां पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देता है। इस बार यह रास्ता भारत की तरफ नहीं है। यही वजह है कि भारत इससे बाहर रहेगा।
किन जगहों पर दिखेगा पूरा नजारा?
इस बार पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा ग्रीनलैंड, आइसलैंड, उत्तरी रूस और स्पेन के कुछ हिस्सों में देखने को मिलेगा। इसके अलावा दुनिया के कई दूसरे इलाकों में आंशिक सूर्य ग्रहण दिखाई देगा। यानी वहां लोगों को सूर्य का कुछ हिस्सा चंद्रमा के पीछे छिपता हुआ नजर आएगा। भारत में हालांकि सूर्य अपनी सामान्य स्थिति में ही दिखाई देगा और ग्रहण का कोई असर आसमान में नजर नहीं आएगा।
क्या भारत में सूतक भी नहीं लगेगा?
क्योंकि यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई ही नहीं देगा, इसलिए धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक यहां इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। यानी भारत में मंदिरों के कपाट बंद करने, खाने-पीने पर रोक लगाने या दूसरे किसी खास नियम का पालन करने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, सूतक और ग्रहण से जुड़े ये नियम धार्मिक मान्यताओं पर आधारित हैं, इनका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
ये भी पढ़ें: Chandra Grahan 2026: ग्रहण के दौरान भोजन पर क्यों है रोक? Dharm vs Science
भारत में लोग ग्रहण देख पाएंगे या नहीं?
सीधी बात है- भारत में इस सूर्य ग्रहण को आसमान में सीधे नहीं देखा जा सकेगा, क्योंकि यहां ग्रहण दिखाई ही नहीं देगा। जिन देशों से पूर्ण सूर्य ग्रहण की पट्टी गुजर रही है, वहां लोग सही सुरक्षा उपकरणों के साथ इस अद्भुत नजारे को देख सकेंगे। सूर्य ग्रहण के दौरान बिना सुरक्षा वाले चश्मे या सीधे आंखों से सूर्य को देखना आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
