Kerala CM: वीडी सतीशन होंगे केरलम के नए मुख्यमंत्री! कांग्रेस ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
Kerala Government Formation: केरल की सियासत में पिछले 10 दिनों से जारी सस्पेंस अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। कांग्रेस ने तमाम अटकलों और लंबी खींचतान के बाद वी. डी. सतीशन (V. D. Satheesan) को राज्य की कमान सौंपने का बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली में गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया गया। यह निर्णय न केवल नवनिर्वाचित विधायकों की पसंद है, बल्कि इसमें गठबंधन के साथियों की सलाह को भी प्रमुखता दी गई है।
वीडी सतीशन पर भरोसे की सबसे बड़ी वजह उनकी बेदाग छवि और सदन से लेकर सड़क तक की सक्रियता है। 61 वर्षीय सतीशन अब तक केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर विपक्ष की मजबूत आवाज रहे हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और विपक्षी नेता के रूप में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें इस दौड़ में सबसे आगे रखा। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री बनने की रेस में राहुल गांधी के बेहद करीबी केसी वेणुगोपाल भी शामिल थे, लेकिन विधायकों की राय और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के समर्थन ने सतीशन का पलड़ा भारी कर दिया।
कांग्रेस के लिए यह फैसला इसलिए भी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों में मुख्यमंत्री पद को लेकर हुई खींचतान से पार्टी पहले ही सबक ले चुकी थी। तिरुअनंतपुरम से दिल्ली तक बैठकों के कई दौर चले, जिसमें पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक ने जमीनी फीडबैक जुटाया। अंततः सोनिया गांधी और राहुल गांधी की सहमति के बाद सतीशन के नाम पर अंतिम मुहर लगी। इस फैसले के साथ ही पार्टी के भीतर किसी भी तरह की अस्थिरता की आशंका फिलहाल खत्म हो गई है। माना जा रहा है कि अगले 24 से 48 घंटों में शपथ ग्रहण की तारीख और कैबिनेट के विस्तार पर स्थिति साफ हो जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications