जनरल बिपिन रावत की यादों को संजोने का काम करेगी उत्तराखंड सरकार, सीएम धामी ने दिए कुछ बड़ा करने के संकेत
देहरादून, दिसंबर 10। हेलीकॉप्टर क्रैश हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन से पूरा देश गमजदा है। हर कोई उनकी यादों को अपने-अपने तरीके से संजो कर रखना चाहता है। ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने भी बिपिन रावत की यादों को संजोने के लिए कुछ योजना तैयार करने का आश्वासन दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जनरल रावत हमेशा हमारी स्मृति में रहें, इसके लिए सरकार कुछ न कुछ कार्य अवश्य करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक पुत्र होने के नाते जनरल रावत हमेशा उनका मार्गदर्शन करते रहते थे। उनकी सादगी, सहजता हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। वह एक बार जिससे मिलते थे, उसे अपना बना लेते थे। ऐसा कभी नहीं लगता था कि देश के सर्वोच्च सैन्य अधिकारी से मिल रहे हैं।
धामी ने कहा कि जब वो उत्तराखंड सदन में जनरल रावत से मिले तो उन्होंने अपने पिता की महार रेजीमेंट का जिक्र किया। इस पर जनरल रावत ने कहा कि वह उन्हें महार रेजीमेंट के मुख्यालय सागर (मध्य प्रदेश) ले जाना चाहते हैं। इस सिलसिले में उनके द्वारा सागर वार मेमोरियल में सैनिकों व पूर्व सैनिकों के बीच जाने का कार्यक्रम बनाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
आपको बता दें कि पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दिल्ली में जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने जनरल रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।












Click it and Unblock the Notifications