तेलंगाना मंत्री केटीआर ने भाजपा सांसद रमेश द्वारा बसपा सांसद पर की गई इस्लामोफोबिक टिप्पणी की आलोचना की
संसद के सदन में भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी के द्वारा बसपा सांसद दानिश अली पर की गई टिप्पणी को लेकर जमकर राजनीति शुरू हो चुकी है। हालांकि भाजपा ने अपने सांसद को संसद में बसपा सांसद के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है लेकिन सांसद के इस बयान के बाद भाजपा विपक्ष के निशाने पर है। वहीं अब तेलंगाना के मंत्री के टी रामा राव ने भाजपा सांसद की इस्लामोफिबिक टिप्पणी की जमकर आलोचना की है।

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना मंत्री के टी रामाराव ने कहा 'भाजपा सांसद इस प्रकार के अपनमानजनक और नृशंस व्यवहार में शामिल होना शर्मनाक है। उन्होंने कहा इससे भी अधिक चौंकाने वाली और शर्मनाक बात ये है कि अध्यक्ष ने लोकसभा में इस तरह की बकवास करने की अनुमति दी है। केटीआर ने कहा कि अगर ये संसद में हो सकता है तो मैं ये कल्पना करके कांप उठता हूं कि भाजपा शासित राज्यों में क्या स्थिति होगी।'
बता दें 22 सितंबर को संसद के सत्र में दक्षिण दिल्ली के भाजपा सासंद रमेश जब भाषण दे रहे थे तब बीच में बसपा सांसद दानिश अली कुछ बोले जिस पर सांसद दानिश के लिए भाजपा सांसद रमेश ने मुस्लिम उग्रवादी समेत अन्य अपशब्दों का कथित तौर पर इस्तेमाल किया था। भाजपा सांसद ने कहा ये मुल्ला आतंकवादी है इसे....! जब रमेश बसपा सांसद पर ये टिप्पणी कर रहे थे तब पूर्व केंद्रीय स्वास्थ मंत्री और भाजपा सांसद हर्षवर्धन हंस रहे थे।
हालांकि भाजपा सांसद रमेश की इस टिप्पणी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताते हुए कहा कि उन्होंने सांसद रमेश की टिप्पणियों को व्यक्तिगत तौर पर तो नहीं सुना लेकिन सभापति से आग्रह है कि अगर उन्होंने विपक्षी सदस्तयों को परेशान किया है तो इसे अधिकारिक रिकार्ड से हटा दें।
बता दें रमेश बिधूड़ी की टिप्पणी पर विपक्षी पार्टियों में जमकर आक्रोश है और उन्हें निलंबित करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रमेश बिधूड़ी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसा व्यवहार दोहराए जाने पर उन्हें 'कड़ी कार्रवाई' की चेतावनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications