झारखंड: हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों के घरों तक निशुल्क तिरंगा उपलब्ध कराएगी सोरेन सरकार
राज्य सरकार ने अब तक करीब 40 लाख तिरंगा का इंतजाम कर लिया है। सभी जिला उपायुक्तों को झंडे उपलब्ध करा दिये गये हैं। अब जिला प्रशासन हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों के घरों तक निशुल्क तिरंगा उपलब्ध कराएगा। अकेले रांची में
रांची,12 अगस्त: राज्य सरकार ने अब तक करीब 40 लाख तिरंगा का इंतजाम कर लिया है। सभी जिला उपायुक्तों को झंडे उपलब्ध करा दिये गये हैं। अब जिला प्रशासन हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों के घरों तक निशुल्क तिरंगा उपलब्ध कराएगा। अकेले रांची में पांच लाख तिरंगा नि:शुल्क बांटा जाएगा। झारखंड सरकार ने लोगों को नि:शुल्क तिरंगा उपलब्ध कराने के लिए तीन माध्यम से इंतजाम कराए हैं।

पहला केंद्र सरकार के अंतर्गत सार्वजनिक उपक्रम, दूसरा संस्कृति मंत्रालय, टेक्सटाइल मंत्रालय और तीसरा ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जेएसएलपीएस के माध्यम से। करीब दस लाख तिरंगा का निर्माण जेएसएलपीएस की महिलाओं ने किया है। जानकारी के अनुसार राज्य के 40 लाख घरों में सरकार की ओर से नि:शुल्क तिरंगा पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, जेएसएलपीएस के अलावा अन्य स्थानों पर सशुल्क तिरंगा उपलब्ध है। लोग अभियान को सफल बनाने के लिये तिरंगा खरीद सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिये समीक्षा बैठक की थी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण स्तर की महिला समूह, सहिया की भागीदार से भी झंडा तैयार करने का सुझाव दिया था। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक हर घर झंडा लगाया जाएगा।
निगम आज वार्डों में पहुंचाएगा 53 हजार तिरंगा, अधिकारियों की हुई प्रतिनियुक्ति
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर रांची नगर निगम की ओर से शुक्रवार को सभी वार्डों में 53 हजार तिरंगा पहुंचाया जाएगा, जो लोगों को नि:शुल्क दिया जाएगा। इसके अलावा निगम ने झंडों के वितरण व अभियान को सफल बनाने को लेकर अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है। इसमें सभी चार जोन के लिए एक-एक जोनल सुपरवाइजर, दो नगर प्रबंधक व एक वरीय अधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिन पर इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग का जिम्मा रहेगा।
वेंडर्स को भी मुफ्त तिरंगा देगा निगम
रांची नगर निगम ने नगर प्रबंधक व नगर अभियान प्रबंधक को पीएम आवास योजना के लाभुकों व निगम से निबंधित वेंडर्स के लिए नजारत शाखा से पांच-पांच हजार तिरंगा लेकर सरकार के प्रोटोकॉल के हिसाब से लगवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। निगम ने कहा है कि सभी सुपरवाइजर, जोनल सुपरवाइजर, सीआरपी व सीओ झंडा वितरण में पार्षद की मदद करने के साथ-साथ वितरण के बाद इसे लगवाकर फोटो निगम के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications