सड़क का निर्माण प्रावधानों के अनुसार: दुष्यंत चौटाला
डिप्टी सीएम आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि अगर सदन के सदस्य चाहते हैं तो राज्य सरकार टिक्करताल होते हुए गांव मंधाना से रायपुर रानी तक रिटेनिंग वॉल एवं सड़क के निर्माण की गुणवत्ता के मामले की तीसरी बार जांच करवाने को तैयार है, विधानसभा कमेटी भी जांच कर सकती है।
डिप्टी सीएम आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे। दुष्यंत चौटाला ने बताया कि गांव मंधाना से रायपुर रानी तक रिटेनिंग वॉल एवं सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग के विनिर्देशों एवं अनुबंध के प्रावधानों के अनुसार किया जा रहा है। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की घटिया सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया है।
7,200 एकड़ जमीन पर बन रहा है हिसार एयरपोर्ट और एविएशन हब: उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने स्पष्ट किया है कि हिसार एविएशन हब के लिए इस्तेमाल की जा रही 7,200 एकड़ जमीन राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से ली गई है ना कि किसी जमीन मालिक से खरीदी गई है। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि एयरपोर्ट के परिसर की चारदीवारी का निर्माण करवाने के लिए एक रास्ते को बंद किया गया है।
उन्होंने बताया कि 147 करोड़ रुपये की कीमत देकर ईभूमि पोर्टल के जरिये राज्य सरकार ने भूमालिकों से 110 एकड़ अतिरिक्त जमीन उनकी सहमति से ली गई है जिसके पंजीकरण का काम चल रहा है। उन्होंने इस विषय में एक विधायक द्वारा दी गई गलत सूचना को सदन की कार्यवाही से हटवाने का आग्रह विधानसभा अध्यक्ष से किया। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आग्रह पर स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि गलत जानकारी देकर सदन को गुमराह करने वाले सदस्यों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications