ओमिक्रॉन के खतरे से निपटने के लिए जागरूक नहीं दिख रही रेड्डी सरकार- टीडीपी नेता के अत्चन्नायडू
टीडीपी के राज्य अध्यक्ष के अत्चन्नायडू ने कहा कि रेड्डी सरकार कोरोना को रोकने के प्रयासों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
हैदराबाद, 27 दिसंबर। आंध्र प्रदेश की जगनमोहन रेड्डी सरकार पर ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बावजूद कोविड निवारक उपायों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए टीडीपी के राज्य अध्यक्ष के अत्चन्नायडू ने कहा कि रेड्डी सरकार कोरोना को रोकने के प्रयासों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता ही जा रहा है, इसके बावजूद आधिकारिक तंत्र दुर्भाग्य से लापरवाह नजर आ रहा है।

रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में टीडीपी नेता ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में केवल अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए आधिकारिक मशीनरी का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अनुभवहीनता और लापरवाही ने महामारी की पहली और दूसरी लहर में जानमाल का भारी नुकसान किया और अभी भी जगन मोहन रेड्डी अपनी गलतियों से नहीं सीख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पुणे में कोरोना का तांडव, एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के 13 छात्र हुए कोविड पॉजिटिव
अत्चन्नायडु ने कहा कि सरकार को बिना देरी के तत्काल प्रभाव से ओमिक्रॉन निवारक उपाय शुरू कर देने चाहिए ताकि लोगों की जिंदगी को बड़े नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि कोविड प्रतिबंधों को सख्ती से लागू किया जाए और अस्पतालों में युद्ध स्तर पर सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। टीडीपी नेता ने कहा कि आंध्र सरकार को अन्य राज्यों से सीखना चाहिए जहां ओमिक्रॉन के प्रसार को रोकने के लिए कड़े उपाय किये जा रहे हैं। बता दें कि दैनिक कोरोना केसों की बढ़ोत्तरी के मामले में आंध्र प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर है।












Click it and Unblock the Notifications