राजस्थान में किसानों के पास 33 ट्रैक्टर जीतने का मौका, जानिए कैसे मिलेगा प्रथम पुरस्कार?
इस बार की दिवाली पर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने जनता को कई बड़े तोहफे दिए हैं। संविदाकर्मियों को जहां नियमित किया जा रहा है वहीं, किसानों को ट्रैक्टर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इन घोषणाओं को राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले जनता को लुभाने से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

बता दें कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार चुनावी साल में राजस्थान बीज विकास निगम रबी की फसल के लिए सस्ते और गुणवत्ता युक्त बीज उपलब्ध कराने के साथ साथ पहली बार किसानों के लिए नई और बड़ी योजना लेकर आई है। योजना के तहत राजस्थान के 33 में से प्रत्येक जिले में किसान ट्रैक्टर जीत सकता है।
राजस्थान बीज निगम चेयरमैन धीरज गुर्जर ने बताया कि राजस्थान के किसानों को सस्ते और गुणवत्ता पूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए राजीव गांधी किसान बीज उपहार योजना शुरू की जा रही है। योजना में बीज निगम के बीज खरीदने वाले किसानों को जिला स्तर पर राज्य सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। बीज निगम की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में प्रत्येक जिले पर 51 बंपर पुरस्कार प्रदान करने की योजना बनाई गई है।

जिला स्तर पर पहला पुरस्कार जीतने वाले किसान को ट्रैक्टर मिलेगा। उसके बाद के बीस विजेताओं को राज्य सरकार की ओर से खेती में खाद और रसायनों के छिड़काव के लिए स्प्रे मशीनें पुरस्कार के रूप में दी जाएंगी। जिला स्तर पर विजेता अन्य किसानों को किसान टॉर्च सहित कई अन्य उपहार प्रदान करने की घोषणा की गई है। राज्य सरकार ने राजस्थान बीज विकास निगम का बीज ग्राम सेवा सहकारी समिति के साथ साथ किसी संस्था और निजी बीज विक्रेताओं से खरीदने वाले किसानों को भी पुरस्कृत करने की योजना तैयार की है।












Click it and Unblock the Notifications