गहलोत सरकार ने लॉन्च किया राज किसान सुविधा ऐप, बताएगा खेती के तरीके
किसान फसलों में लगने वाले रोग और मौसम के प्रकोप से बचाव के बारे में भी ऐप के जरिए जान सकेंगे, साथ ही फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की जानकारी भी मिलेगी।

Rajsthan: राजस्थान सरकार खेती और किसानी से जुड़ी तमाम योजनाएं चलाती रहती है. राज्य के किसान इन योजनाओं का फायदा भी उठा रहे हैं. सरकार के कृषि विभाग ने राज किसान साथी पोर्टल की शुरूआत की थी, लेकिन अब सरकार पोर्टल के अलावा ऐप भी लाने जा रही है. इस ऐप के माध्यम से किसान राज्य सरकार की कृषि, उद्यान और पशुपालन से जुड़ी तमाम योजनाओं के बारे में मोबाइल पर जान सकेंगे और साथ ही उन योजनाओं में मोबाइल से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इस ऐप का नाम है राज किसान सुविधा ऐप।
इस ऐप पर पोर्टल की तरह ही सारी योजनाओं की जानकारी होगी. ऐप डेवलप करने के बाद पहले चरण में कृषि विभाग ने कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं को अपलोड किया है. वहीं, दूसरे चरण में राज किसान सुविधा ऐप पर पशुपालन विभाग की योजनाओं को अपलोड किया जाना है. कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राज किसान सुविधा ऐप को किसान अपने किसी भी एंड्रॉइड या आईओएस फोन में डाउनलोड कर सकते हैं और साथ ही अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
नहीं काटने पड़ेंगे ई-मित्र या दफ्तरों के चक्कर
इस ऐप का सबसे बड़ा फायदा किसानों को यह होना वाला है कि ऐप से ही किसानों को सारी योजनाओं की जानकारी मिल जाएगी. साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं का फायदा लेने के लिए उन्हें दफ्तर और ई-मित्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. ऐप में किसी भी सर्विस के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लगेगा.
फसल खराब की सूचना भी दे सकेंगे
राज किसान सुविधा ऐप के माध्यम से किसान ओलावृष्टि, बारिश और शीतलहर के कारण हुए फसल खराब की शिकायत फसल बीमा कंपनी को सीधे कर सकेंगे. इसके लिए ऐप में फसल बीमा का लिंक भी जोड़ा गया है. ऐप के जरिए किसानों को फसल बीमा क्लेम, प्रीमियम और अन्य संबंधित सूचनाएं एक ही जगह मिल पाएंगी ।किसान इस ऐप से कृषि विभाग की योजनाओं की सूचना और आवेदन के अलावा फसलों में होने वाले रोग, उससे बचाव, फसल के भंडारण व्यवस्था की जानकारी भी मिल सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications