उत्तराखंड: दोबारा सीएम बनने जा रहे पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान, कहा- लागू करेंगे 'यूनिफॉर्म सिविल कोड'
23 मार्च को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा शपथ लेने जा रहे पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी.
देहरादून, 22 मार्च। 23 मार्च को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा शपथ लेने जा रहे पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी. विधायकों के दल के नेता के रूप में धामी के नाम का ऐलान होने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले जनता के साथ जो वादे (BJP Manifesto) किए थे, उन्हें पूरा किया जाएगा. इसके साथ ही, धामी ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को एक पारदर्शी सरकार (Transparent Government) मिलेगी और विकास का पहिया रुकेगा नहीं बल्कि उत्तराखंड पीएम मोदी (PM Narendra Modi) के सपनों की राह पर आगे बढ़ेगा.

समाचार एजेंसी एएनआई ने धामी के बयान के हवाले से ट्वीट करते हुए लिखा, 'मैं पीएम मोदी और उत्तराखंड की जनता का शुक्रगुज़ार हूं कि उन्होंने भाजपा को दो तिहाई बहुमत और मुझ पर विश्वास जताया. हम अपने तमाम वादे निभाएंगे और यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करेंगे. हम सुनिश्चित करेंगे कि सभी विकास कार्य ज़मीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचें.' इधर, पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार धामी ने खुद को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताया है, तो वह अपनी भूमिका को शिद्दत से निभाएंगे.
यह भी पढ़ें: बंगाल: राज्यपाल ने बीरभूम की घटना को बताया भयावह, कहा- राज्य अराजकता की चपेट में
क्या है सिविल कोड के बयान का अर्थ?
चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में सीएम धामी ने एक वीडियो बयान जारी करते हुए कहा था कि राज्य में भाजपा की सरकार दोबारा आई तो यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा. इस कोड को तैयार करने के लिए कानूनी विशेषज्ञों, वरिष्ठ नागरिकों और बुद्धिजीवियों की एक कमेटी बनाई जाएगी. धामी के इस बयान को चुनावी विश्लेषकों ने मौके पर चौके की तरह माना था क्योंकि यह बयान उत्तराखंड चुनाव की सरगर्मियों में तब आया था, जब कर्नाटक में हिजाब को लेकर विवाद शुरू हो चुका था और देश भर में इसे लेकर बहस जारी थी.
'उत्तराखंड को बनाएंगे अग्रणी प्रदेश'
पीएम मोदी के साथ ही, धामी ने गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के लिए भाजपा के केंद्रीय ऑब्ज़र्वर राजनाथ सिंह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे तमाम नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि पीएम मोदी ने उत्तराखंड के विकास को लेकर जो विजन तैयार किया है, उसके हिसाब से राज्य और केंद्र सरकारें मिलकर काम करेंगी. 2025 में जब उत्तराखंड अपना सिल्वर जुबली स्थापना दिवस मनाएगा, तब देश के अग्रणी राज्यों में उसका शुमार हो, इस दिशा में काम किया जाएगा












Click it and Unblock the Notifications