बंगाल: राज्यपाल ने बीरभूम की घटना को बताया भयावह, कहा- राज्य अराजकता की चपेट में
नई दिल्ली, 22 मार्च: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में मंगलवार को टीएमसी नेता की हत्या के बाद कई घरों में आग लगा दी गई। जिसमें अब तक 8 लोगों के मौत की खबर है। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा घर जलकर राख हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है, लेकिन अब इस घटना पर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सवाल उठाए हैं।

राज्यपाल धनखड़ ने मामले में कहा कि ये एक भयावह घटना है। रामपुरहाट, बीरभूम की घटना ये दिखाती है कि राज्य हिंसा और अराजकता की चपेट में है। इस घटना में कई लोगों की मौत हुई। राज्यपाल ने आगे कहा कि मैंने मुख्य सचिव से तुरंत इस घटना पर अपडेट मांगा है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
ऐसे समझें पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भादू शेख बारोसल गांव की पंचायत के उप-प्रधान थे। उनकी हाईवे पर एक दुकान भी थी, जहां दो दिन पहले उन पर हमला हुआ था। इसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद उनके समर्थकों का गुस्सा भड़का और उन्होंने बागुती गांव के कई घरों में आग लगा दी। साथ ही आरोप लगाया कि शेख पर इसी गांव के लोगों ने हमला किया था। इस घटना में अब तक 8 लोगों की मौत हुई है।
पुलिस अधिकारी पर गिरी गाज
घटना के तुरंत बाद बंगाल सरकार ने रामपुर हाट पुलिस थाने के प्रभारी और वहां के विकास खंड पुलिस अधीक्षक (SDOP) को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही घटना की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया है। पुलिस के मुताबिक एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।












Click it and Unblock the Notifications