जिन्होंने 10 साल पहले भी पंजाब को लूटा होगा वो भी बख्शे नहीं जाएंगे, ऐसे लोगों से पूरा धन वसूला जाएगा: CM मान
जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि 10 वर्ष पहले जिसने भी पंजाब को लूटा है या पैसा खाया है वह किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनसभाओं में स्पष्ट तौर पर भ्रष्टाचार को लेकर अपना स्टैंड क्लीयर किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर पंजाब सरकार ने अभी अपने कदम आगे ही बढ़ाए हैं जिससे भ्रष्टाचारियों में खलबली मची हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब को लूटने वाले पंजाब के हितैषी नहीं हो सकते और ऐसे लोगों से लूटा गया धन वापस वसूल कर सरकारी खजाने में जमा करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष पहले भी जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है उन्हें किसी भी कीमत पर क्षमा नहीं किया जा सकता है। ऐसे लोगों से पूरा धन वसूला जाएगा। भगवंत मान ने कहा कि चोर तो चोर ही होता है और उसे हमेशा यह डर सताता रहता है कि कब पुलिस उसे अपनी गिरफ्त में ले लेगी।उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरैंस नीति पर अमल किया जा रहा है जिसके तहत किसी भी पार्टी से संबंधित भ्रष्टाचार करने वाले नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किए जा रहे हैं। पूर्व मंत्री सुंदर अरोड़ा का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने पूर्व में किए कारनामों का डर सता रहा था इसलिए वह स्वयं ही पैसे लेकर सरकारी अधिकारियों के पास पहुंच गए।
मुख्यमंत्री कहा कि भ्रष्टाचार का पैसा अगर राज्य की जनता के कल्याण में लगेगा तो उससे पंजाब खुशहाली की तरफ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों से सरकार द्वारा ब्याज सहित पैसों की वसूली की जाएगी। उन्होंने पूर्व सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उसके कई मंत्री भ्रष्टाचार की लपेट में आ चुके हैं और पूर्व सरकार ने तो भ्रष्टाचार को लेकर कोई कदम ही नहीं उठाए थे।












Click it and Unblock the Notifications