भयमुक्त वातावरण के लिए हरियाणा में तैनात की गई कमांडो की 53 टीमें, चप्पे-चप्पे पर होगी पैनी नजर
Haryana News: हरियाणा पुलिस क्षमता निर्माण की ओर लगातार अपने कदम बढ़ा रही है ताकि प्रदेश में लोगों को भयमुक्त तथा सुरक्षित वातावरण मिल सके। इसी कड़ी में हरियाणा पुलिस द्वारा विशेष पुलिस बल की 424 कमांडो की 53 टीमें तैयार की गई हैं। प्रत्येक टीम में 8 कमांडो शामिल किए गए हैं।
इस बार में और अधिक जानकारी देते हुए पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि ये टीमें प्रदेश के विभिन्न जिलों में निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार कार्य करेंगी। इन टीमों को विशेष नाकाबंदी, वीवीआइपी ड्यूटी, खतरनाक अपराधियों की गिरफ्तारी बारे में छापामारी, स्पेशल प्रोटेक्शन वाले मुलजिमों की कोर्ट में पेशी आदि में विशेष तौर पर प्रशिक्षित किया गया है।

इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिला को कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के अनुसार अलग-अलग श्रेणियां में विभाजित किया गया है। इस विभाजन के हिसाब से ही टीमें भेजी गई है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में विशेष पुलिस बल की 5 कमांडो टीम भेजी गई है जिसमें कुल 40 जवान शामिल है। इसी प्रकार, फरीदाबाद, सोनीपत तथा पंचकूला जिला में चार-चार टीमें लगाई गई है।
डीजीपी ने बताया कि इन टीमों में कुल 96 पुलिस के जवान शामिल है। तो वहीं, पानीपत ,हिसार ,कुरुक्षेत्र जींद , मेवात(नूह), अंबाला, करनाल कैथल ,यमुनानगर, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, पलवल, झज्जर, नारनौल तथा फतेहाबाद जिला में दो- दो टीमो को तैनात किया गया है। इन सभी जिलों में कुल 256 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि हांसी, सिरसा, डबवाली तथा दादरी जिला में एक-एक टीम भेजी गई है जिनमें कुल 32 जवान शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications