हरियाणा में अच्छा काम करने वाले कर्मचारी होंगे सम्मानित, 'सुशासन पुरस्कार' में इतना मिलेगा इनाम
हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। मनोहर लाल खट्टर सरकार ने उल्लेखनीय और अभिनव कार्य करने वाले अपने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए सुशासन पुरस्कार योजना शुरू की है, जिसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।

मुख्य सचिव संजीव कौशल ने शनिवार को चंडीगढ़ में बताया कि योजना का उद्देश्य सुशासन को बढ़ावा देना है और उन कर्मचारियों को पुरस्कृत करना है जो अपने व्यक्तिगत नवाचारों और विशेष प्रयासों के माध्यम से राज्य में सुशासन को बढ़ावा देते हैं। सुशासन पुरस्कार दो स्तरों पर दिए जाएंगे।
एक राज्य स्तरीय और दूसरा जिला स्तरीय पुरस्कार। राज्य स्तरीय पुरस्कार में व्यक्तिगत कर्मचारियों या कर्मचारियों की विजेता टीम को पहला पुरस्कार 51 हजार रुपये, दूसरा पुरस्कार 31 हजार रुपये और तीसरा पुरस्कार 21 हजार रुपये का दिया जाएगा। इसी प्रकार, जिला स्तरीय पुरस्कार में पहला पुरस्कार 31 हजार रुपये, दूसरा पुरस्कार 21 हजार रुपये और तीसरा पुरस्कार 11 हजार रुपये का दिया जाएगा। इन पुरस्कार में नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी, मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित भी दिया जाएगा। प्रशस्ति पत्र की प्रति कर्माचारी की सर्विस बुक में भी लगेगी।
मुख्य सचिव ने बताया कि योजनानुसार राज्य स्तर पर अधिकतम 10 पुरस्कार दिए जाएंगे। पहले पायदान के लिए दो पुरस्कार, दूसरे स्थान के लिए तीन पुरस्कार और तीसरे के लिए पांच पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसी प्रकार, जिला स्तर पर तीनों पायदान के लिए प्रत्येक जिले में तीन-तीन पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पुरस्कारों के लिए आर्थिक, बुनियादी ढांचे और सामाजिक क्षेत्र या स्टेट फ्लैगशिप कार्यक्रमों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications