पानीपत: डिप्टी सीएम चौटाला बोले- पंचायत चुनाव में 70% युवा चुने गए
पानीपत के समालखा में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव एकदम शांतिपूर्ण तरीके से हुए हैं।गठबंधन की सरकार ने महिलाओं को 50 प्रतिशत की भागीदारी दी। इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। वहीं 70 प्रतिशत युवा पंचायत चुनाव में सरपंच आदि चुने गए हैं। युवा शक्ति के आने से प्रदेश में विकास की गति को ओर बल मिलेगा। दुष्यंत चौटाला ने उक्त बात समालखा में पार्टी कार्यकर्ता के यहां कार्यक्रम में संबोधित करते समय कही। उन्होंने 9 नवंबर को भिवानी में पार्टी के पांचवें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर निमंत्रण भी दिया। इससे पहले पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमाला पहना स्वागत किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच सालों में पार्टी संगठन को लगातार मजबूती मिली है। इसी ताकत को भिवानी में दिखाने का काम करो। गांव से काफी कार्यकर्ता व लोग कार्यक्रम में आते हैं, अबकी बार शहर से भी ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने के लिए निमंत्रण दे। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में जो जिम्मेदारी मिले, उसे ईमानदारी के साथ निभाओ।
उन्होंने वार्ड 13 से पार्षद अजय शर्मा, सुमेश जैन आदि लोगों को पटका पहना पार्टी ज्वाइन करने पर पूरा मान सम्मान मिलने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर देवेंद्र कादियान, सुभाष धीमान, सुभाष शर्मा, रामपाल चुलकाना, धर्मेंद्र पावटी आदि मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications